katniLatestमध्यप्रदेश

कटनी से चोरी गई कार जबलपुर में दुर्घटनाग्रस्त, चार गंभीर, अब घायल युवकों के स्वस्थ होने के बाद पूरे मामले से पर्दा उठाएगी पुलिस

कटनी, (विवेक शुक्ला) । माधवनगर के बंगला लाइन क्षेत्र से 27 जनवरी की देररात चोरी गई कार के जबलपुर में दुर्घटनाग्रस्ट होने तथा उसमें सवार चार लोगों के घायल होने का मामला प्रकाश में आया है।

घायल युवक माधवनगर से कार चोरी कर भागते समय दुर्घटना का शिकार होकर घायल हुए हैं। सभी को जबलपुर में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है। जबलपुर पुलिस से सूचना मिलने के बाद माधवनगर पुलिस घायलों के स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है। जिसके बाद पूरे मामले से पर्दा उठाया जाएगा।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक माधवनगर के बंगला लाइन क्षेत्र निवासी राजकुमार लखानी के घर के बाहर खड़ी लगभग 12 लाख रुपए कीमती लग्जरी कार 27 जनवरी की देर रात अज्ञात चोरों ने पार कर दिया था। जिसकी शिकायत 28 जनवरी को की गई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध मामला दर्ज किया और उनकी तलाश में जुट गई।

इसी बीच जबलपुर से जानकारी मिली की चोरी हुई कार जबलपुर में दुर्घटनाग्रस्त हालत में खड़ी है। माधवनगर थाना प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि कार को जबलपुर में ही सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया गया है। कार में सवार युवक बंगला लाइन क्षेत्र के ही निवासी हैं। चोरी के इस मामले में अब तक आरोपियों से पूछताछ नहीं हो सकी है। चारों युवक गंभीर रूप से घायल हैं। थाना प्रभारी श्रीगुप्ता ने बताया कि युवकोंं के स्वस्थ होने के बाद उनसे पूछताछ के बाद पूरे मामले से पर्दा उठाया जाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम