विजयराघवगढ़-बंजारी के पास बस दुर्घटना,कलेक्टर-एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल,कलेक्टर आशीष तिवारी ने डॉक्टरों को दिए बेहतर उपचार के निर्दे
कटनी। विजयराघवगढ़-बंजारी के पास शनिवार सुबह बस दुर्घटना में एक किशोरी की मृत्यु और 42 यात्रियों के घायल होने की घटना के बाद जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ। कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनके उपचार की जानकारी ली।
दुर्घटनाग्रस्त बस क्रमांक एमपी-14-बीडी-0811 में सवार पिपरा निवासी 16 वर्षीय अनीता लोधी, पिता संतोष लोधी की हादसे में मृत्यु हो गई। दुर्घटना में घायल सभी 42 यात्रियों को तत्काल सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ पहुंचाकर उपचार शुरू कराया गया। इनमें से 13 घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय कटनी रेफर किया गया।
कलेक्टर श्री तिवारी ने विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी लेते हुए चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर और समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर घायलों को आवश्यकतानुसार तत्काल जिला चिकित्सालय रेफर करने को भी कहा।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य एवं एसडीएम विजयराघवगढ़ श्री प्रमोद चतुर्वेदी को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की।
बीएमओ डॉ विनोद कुमार ने बताया कि वर्तमान में आठ घायल विजयराघवगढ़ अस्पताल में भर्ती हैं। अन्य घायलों को उपचार एवं आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने के बाद छुट्टी दे दी गई है।

