Site icon Yashbharat.com

Borewell: 30 फीट गहरे बोरवेल में गिरी ढाई साल की बच्ची को बचाया गया, अस्पताल में कराया गया भर्ती

borewell

Borewell: 30 फीट गहरे बोरवेल में गिरी ढाई साल की बच्ची को बचाया गया, अस्पताल में  भर्ती कराया गया।  गुजरात के द्वारका जिले में स्थित रण गांव में उस वक्त अफरा-तफरी तब मच गई जब ढाई साल की बच्ची खेलते-खेलते 30 फीट गहरे बोरवेल में जा गिरी, लेकिन भारतीय सेना के जवानों और एनडीआरएफ दल के लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार बच्ची को बचा लिया है।

डिप्टी कलेक्टर एचबी भगोरा ने बताया कि रण गांव में दोपहर एक बजे खेलते समय बच्ची बोरवेल में जा गिरी थी। इस दौरान स्थानीय पुलिस की टीम और अग्निशमन कर्मियों की बचाव टीमें मौजूद थी। घटनास्थल पर एक एम्बुलेंस को एक्शन मोड पर रखा गया था।

बच्ची को अस्पताल में कराया गया भर्ती

एनडीआरएफ बटालियन वडोदरा के सहायक कमांडेंट प्रवीण कुमार ने कहा कि सेना, नागरिक सुरक्षा, नागरिक पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ ने मिलकर बोरवेल में गिरी लड़की को बचाने के लिए काम किया। बच्ची को सिविल अस्पताल भेजा गया है और वह बेहोशी की हालत में है, डॉक्टर बच्ची का इलाज कर रहे हैं।

ग्रीन कॉरिडोर के जरिए अस्पताल पहुंचाया- नितेश पांडे


द्वारका के एसपी नितेश पांडे ने कहा कि दोपहर एक बजे हमें सूचना मिली कि कल्याणपुर तहसील के रण गांव में एक बच्ची बोरवेल में गिर गई है। स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। संयुक्त प्रयासों से बच्ची को आठ घंटे के बाद बचाया गया है। हमने बच्ची को ग्रीन कॉरिडोर के जरिए अस्पताल पहुंचाया हैं, एम्बुलेंस की सुचारू आवाजाही के लिए बनाया गया था।

कैसे गिरी बच्ची बोरवेल में?

गौरतलब है कि दोपहर एक बजे बच्ची खेलते-खेलते खुले बोरवेल के पास जा पहुंची। इस दौरान धीरे-धीरे वह बोरवेल के होल के पास जा पहुंची और अचानक वह 30 फीट गहरे बोरवेल में जा गिरी। जिसके बाद से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान तमाम पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर जा पहुंचे। यह हादसा गुजरात के द्वारका जिले में स्थित रण गांव में हुआ था।

Exit mobile version