Friday, April 24, 2026
Latest:
Latestमध्यप्रदेश

Board paper leak case MP अब तक 22 में से 10 पेपर आउट, 19 टीचर गिरफ्तार

Mp Board paper leak case मध्य प्रदेश में बोर्ड परीक्षा कक्षा दसवीं बारहवीं के पेपर लीक मामले में पुलिस हरकत में है। राजधानी भोपाल, ग्वालियर, धार, राजगढ़, रायसेन और बड़वानी जिलों से कुल 19 शिक्षकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन सब के खिलाफ परीक्षा अधिनियम, पद का दुरुपयोग, शासन से गोगामेडी सहित कई धाराओं में गंभीर अपराध के मामले दर्ज किए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश मालवीय ने बताया कि शनिवार को भोपाल सहित अन्य जिलों के 19 केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और पर्यवेक्षकों को गिरफ्तार किया गया है। लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी को निलंबित कर दिया है।

भोपाल में गिरफ्तार किए गए शिक्षक

शनिवार को 12वीं का केमिस्ट्री और बिजनेस एनालिसिसि का पेपर था। परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होती है। लेकिन, करीब आधे घंटे पहले यह पेपर टेलीग्राम पर पहुंच गया। इसके बाद मंडल के परीक्षा समन्वयक केके रैकवार की शिकायत पर छोला पुलिस ने केंद्राध्यक्ष आरके सक्सेना, सहायक केंद्राध्यक्ष रेखा गोयल, पर्यवेक्षक विश्वनाथ सिंह और पवन सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, परीक्षा अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। बाद में इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

अन्य जिलों में गिरफ्तार किए गए शिक्षक

  • शासकीय बालक उमावि बड़वानी के केन्द्राध्यक्ष बलसिंह चौहान और सहायक केन्द्राध्यक्ष दिलीप सिंह अवास्या,
  • रायसेन जिले के शास. उमावि प्रतापगढ़ के केन्द्राध्यक्ष रमाशंकर अहिरवार व सहायक केन्द्राध्यक्ष निर्भय सिंह मवेदी,
  • राजगढ़ में रेखा बैरागी, धनराज पाटीदार व रामसागर शर्मा,
  • ग्वालियर के प्राचार्य हुकुम चंद्र लाचौरिया और विवेक कुमार लिटौरिया,
  • धार के कन्या हाईस्कूल नालछा से रमेशचन्द्र भाबोर, रविन्द्र कोचली, मुकेश नायक, मयंक इन्दुलकर और सुमित यादव सहित अन्य को गिरफ्तार किया गया है।

अब तक 22 में से 10 पेपर आउट

एमपी बोर्ड की 10-12वीं की परीक्षा में अब तक कुल 22 प्रश्न पत्र हो चुके हैं, जिनमें से 10 लीक हुए हैं। 10वीं के कुल 6 पेपर हुए, इसमें से 4 लीक हुए। वहीं 12वीं के कुल 16 में से 6 प्रश्न पत्र परीक्षा से पहले आउट हो चुके हैं।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम