गुरु नानक देव जी के सेवा संदेश से प्रेरित रक्तदान शिविर, 164 लोगों ने किया महादान
अमृतवेला ट्रस्ट माधवनगर की पहल, रक्तदाताओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की भी रही व्यवस्थ
कटनी। गुरु नानक देव जी के सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश को आत्मसात करते हुए अमृतवेला ट्रस्ट माधवनगर द्वारा पॉपटानी हॉल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस दौरान कुल 164 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की।
रक्तदान शिविर में युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने आगे आकर जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने के संकल्प के साथ रक्तदान किया। आयोजन के दौरान रक्तदाताओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकीय टीम ने पूरी जिम्मेदारी के साथ रक्त संग्रहण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं संभालीं।
इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का सबसे बड़ा माध्यम है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति, गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज या जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अमृतवेला ट्रस्ट समय-समय पर सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।
शिविर के सफल आयोजन पर अमृतवेला ट्रस्ट ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम, सहयोगियों एवं समस्त संगत के प्रति आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट सदस्यों ने कहा कि 164 लोगों की सहभागिता मानवता और सेवा के प्रति समाज की जागरूकता एवं समर्पण को दर्शाती है।

