भोपाल BJP vs Congres on Twitter। मध्य प्रदेश के राजनीतिक गलियारे में इन दिनों इंटरनेट मीडिया में फॉलोअर्स की संख्या पर भाजपा और कांग्रेस में बयानबाजी हो रही है। टि्वटर पर कांग्रेस के 9.18 तो भाजपा के 7.83 लाख फॉलोअर हैं। कांग्रेस नेता इसे जनता के बीच अपनी लोकप्रियता का पैमाना बता रहे हैं तो भाजपा नेता इस संख्या पर सवाल उठा रहे हैं। उनका मानना है कि इसमें गड़बड़ी है, जिसका राजफाश जल्द किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस को इंटरनेट मीडिया (टि्वटर) पर फॉलो करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे में करीब दो हजार 800 फॉलोअर बढ़े हैं। प्रतिदिन औसत एक हजार लोग जुड़ रहे हैं।
पार्टी नेता इसे जनता तक पहुंच बढ़ने और लोकप्रियता से जोड़ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के अध्यक्ष अभय तिवारी का कहना है कि जिस तरह से आमजन से जुड़े मुद्दों को उठाया जा रहा है और उनसे जुड़ी जानकारियां साझा की जा रही हैं, उसकी वजह से हमारा दायरा बढ़ता जा रहा है। 2018 के विधानसभा के समय भाजपा के फॉलोअर चार लाख से ज्यादा और प्रदेश कांग्रेस के सवा लाख के आसपास थे। इंटरनेट मीडिया के महत्व को पहचानकर लगातार प्रयास किए गए। इसका ही नतीजा है कि पार्टी के समन्वयक 52 हजार से ज्यादा मतदान केंद्रों पर हैं। पार्टी की अन्य राज्य इकाइयों की तुलना में मध्य प्रदेश में फॉलोअर की संख्या काफी अधिक है। जल्द ही प्रत्येक मतदान केंद्र तक समन्वयक नियुक्त हो जाएंगे। उधर, प्रदेश भाजपा के आइटी एवं सोशल मीडिया विभाग के संयोजक शिवराज सिंह डाबी ने कहा कि कांग्रेस को ज्यादा खुश होने की जरूरत नहीं है।
जल्द ही सच्चाई सभी के सामने आ जाएगी। लगभग 47 फीसद फॉलोअर फर्जी (फेक) हैं। इनका उपयोग सिर्फ रिट्वीट करने के लिए होता है। 2019 में प्रदेश कांग्रेस के फॉलोअर तीन लाख के आसपास थे, जो 15 माह में छह लाख से ज्यादा बढ़ गए। जिस तरह वृद्धि बताई जा रही है वो दाल में काले की ओर इशारा है। हमारे संगठन का विस्तार विधानसभा के मतदान केंद्र तक है। प्रदेश, जिला, मंडल और मतदान केंद्र तक कार्यकर्ताओं के माध्यम से पहुंचते हैं।
मध्य प्रदेश भाजपा इंटरनेट मीडिया के सभी माध्यमों पर सक्रिय है और अधिकतम उपस्थिति दर्ज कराती हैं। दूसरे दलों ने फॉलोअर की संख्या कैसे बढ़ाई, यह तो वे जानें पर हमारे लिए यह लोगों तक पहुंचने का जरिया है। प्रत्येक मतदान केंद्र तक हमारी पहुंच है और इसे अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। – डॉ. दीपक विजयवर्गीय, मुख्य प्रवक्ता, प्रदेश भाजपा
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमल नाथ के नेतृत्व में पूरी ताकत से जनहित से जुड़े मुद्दों को उठा रही है। बात चाहे महंगाई की हो या फिर कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अव्यवस्था के मुद्दे हों, हर मुद्दे को पार्टी ने प्रमुखता से उठाया है। यही वजह है कि इंटनरेट मीडिया पर दायरा बढ़ता जा रहा है। – केके मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव (मीडिया)

