Bjp विधायक ने पीएम मोदी को बताया राम का अवतार, राहुल को बोले-उन्हें बैलगाड़ी चलाना आ सकता है देश नहीं
बलिया। अपने विवादित बयानों से हमेशा सुर्खियों मे बने रहने वाले बलिया के बैरिया विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को एक बार फिर विवादित बयान दिया है. बीजेपी विधायक ने कहा कि भारत भूमि पर भगवान ने मोदी को एक अवतार के रुप में भेजा है.
विधायक सुरेंद्र सिंहने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि भाग्य से ही वह खुद को प्रधानमंत्री प्रत्याशी मान रहे हैं, ऐसे में अगर वह पीएम बनेंगे तो ड्रामे वाले दारोगा जैसे होंगे जो रात में रिवॉल्वर दिखाता है और दिन में बक्सा ढोता है. बीजेपी विधायक ने कहा कि राहुल के पास कोई योग्यता नहीं है पर वो किस लायक हैं कर्नाटक में उन्होंने सबको बैलगाड़ी चलाकर दिखा दिया है. वो बैलगाड़ी चलाने में ही सक्षम हैं पर देश नहीं.
उन्होंने कहा कि भगवान ने राम के रूप में मोदी को, लक्ष्मण के रूप में अमित शाह और हनुमान के रूप में योगी को भेजा है. राम, लक्ष्मण और हनुमान की जोड़ी भारत भूमि पर राम राज्य की कल्पना को साकार करेगी. ईवीएम का बटन मोदी की सेना चलाएगी और दुर्योधन का राज्य समाप्त होगा.
गौरतलब है कि उन्नाव रेप को लेकर भी बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने विवादित बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि घटना के वक्त कुलदीप सिंह सेंगर वहां मौजूद नहीं थे. सुरेंद्र सिंह ने रेप की घटना को प्रायोजित बताते हुए कहा था, ‘मनोवैज्ञानिक आधार पर मैं कह सकता हूं कि कोई भी तीन चार बच्चों की मां से रेप नहीं कर सकता है. ऐसा संभव ही नहीं है. यह उनके (सेंगर) खिलाफ साजिश है.
बता दें, हाल ही में एक और विवादित बयान देते हुए सुरेंद्र सिंह ने कहा था कि समाज में आई रेप जैसी विकृति के लिए माता-पिता जिम्मेदार हैं क्योंकि वह अपने बच्चे और बच्चियों का संरक्षण नहीं करते. 15 वर्ष तक के बच्चों और बच्चियों की विशेष निगरानी होनी चाहिए. अपने बच्चों का संरक्षण करना अभिभावकों का धर्म होता है, लेकिन वह अपने धर्म का पालन नहीं कर रहे. वे जवान लड़कों और लड़कियों को स्वच्छंद रूप से व्यवहार करने और विचरण के लिए छोड़ रहे हैं. यही रेप जैसी सामाजिक विकृति का प्रमुख कारण है.