#MP Vidhansabha ElectionsLatest

BJP में माथापच्ची, साध्वी प्रज्ञा को भोपाल, तोमर को मुरैना से ही उतारने पर विचार, खजुराहो भी होल्ड पर

भोपाल। मध्य प्रदेश में लोकसभा की आठ बची हुई सीटों के प्रत्याशी चयन को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली में बैठक हुई। इसमें भोपाल सहित आठ सीटों के दावेदारों पर चर्चा हुई। पार्टी सूत्रों का कहना है कि टिकट की देरी से कई सीटों पर असमंजस की स्थिति के कारण केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को मुरैना से ही चुनाव लड़वाने पर विचार किया जा रहा है।

पहले तोमर को भोपाल से चुनाव लड़वाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। भोपाल से साध्वी प्रज्ञा भारती का नाम एक बार फिर चर्चा में आया है। प्रज्ञा को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का दबाव है। इधर बालाघाट, शहडोल और राजगढ़ में प्रत्याशियों के विरोध और बगावत की खबरों से पार्टी हाईकमान नाराज है।

तोमर ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और संगठन महामंत्री सुहास भगत के साथ बची हुई आठों सीटों पर चर्चा की थी। उन्होंने अपने फीडबैक से हाईकमान को अवगत करा दिया था। इसके बाद दिल्ली में शीर्ष नेताओं ने सभी आठों सीटों पर एक बार फिर मंथन किया।

सूत्रों का कहना है कि भोपाल सीट से साध्वी प्रज्ञा या फिर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के नाम पर विचार किया गया। तोमर को मुरैना से ही तैयारी करने के संकेत भी पार्टी ने दिए हैं। इधर सोशल मीडिया में लगातार अफवाहों का बाजार गर्म है। 

फूंक-फूंककर रख रहे कदम 

भाजपा ने जिन 21 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं, उनमें से कई जगह बगावत के हालात हैं। बालाघाट के सांसद बोधसिंह भगत ने पार्टी छोड़ निर्दलीय पर्चा भर दिया है। राजगढ़ में सांसद रोडमल नागर का विरोध हो रहा है। शहडोल में ज्ञानसिंह नाराज हैं।

सीधी में रीति पाठक के विरोधी मानने को तैयार नहीं हैं। जिन नेताओं ने इनके टिकट की सिफारिश की है, शीर्ष नेता प्रदेश के उन नेताओं से खासे नाराज हैं। यही वजह है कि हाईकमान बची हुई सीटों को लेकर फूंक-फूंककर कदम रख रहा है। इधर खजुराहो सीट पर अभी भी सहमति नहीं बन पाई है जिसके लिए कल पुनः बैठक होगी माना जा रहा है कि कल तक नाम तय कर घोषित कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Back to top button