Site icon Yashbharat.com

BJP जिलाध्‍यक्ष के लिए उम्र के तकाजे में कौन बैठता है फिट, भोपाल से होगा डिसाइड, कल रायशुमारी

2018 2image 09 35 557010300bjp ll

कटनी। भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए जिला भाजपा कार्यालय में कल 30 नवम्बर को 12 बजे से रायशुमारी होगी। निर्वाचन अधिकारी द्वारा इस आशय की सूचना आज जारी कर दी गई। रायशुमारी के लिए पूर्व और वर्तमान पदों में आसीन प्रमुख नेताओं को बुलाया गया है। इसके पहले आज संगठन का मुखिया बनने के लिए कटनी से लेकर भोपाल तक लॉबिंग तेज रही। इस बार जिलाध्यक्ष के लिए 55 वर्ष की आयु निर्धारित कर देने की वजह से दौड़ में कुछ युवा नाम शामिल हुए तो कुछ उम्रदराज बाहर हो गए। इसके बावजूद नेताओं ने आस नहीं छोड़ी हैं। इस उम्मीद में कि यदि किसी परिस्थिति में उम्र वाला फार्मूला शिथिल हुआ तो उन्हें चांस मिल सकता है।

भाजपा ने अपने चार मंडलों की घोषणा पेडिंग रखी है, बावजूद इसके जिलाध्यक्ष का चुनाव किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक नियम यह है कि यदि आधे मंडलों में भी निर्वाचन की प्रक्रिया पूर्ण करा ली गई है तो जिलाध्यक्ष का चुनाव हो सकता है। कटनी में आधे से ज्यादा मंडलों में मण्डल अध्यक्ष बनाये जा चुके हैं। ऐसे में जिलाध्यक्ष चुनने के लिए कोई रोड़ा नहीं है। इस पद के लिए उम्र के आधार पर एक और नाम तेजी से चला है-ललित जायसवाल का। बताया जा रहा है कि उम्र के आधार पर वे अपनी संभावनाएं भोपाल तक तलाश रहे हैं। ललित युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुकने के साथ ही जिला भाजपा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा कई अन्य पदों पर भी उन्हें काम करने का अनुभव है। सूत्र बता रहे हैं कि जिलाध्यक्ष की मुहिम में उन्हें क्षेत्रीय विधायक संदीप जायसवाल का साथ मिल सकता है।

इसके अलावा पूर्व जिला महामंत्री आशीष गुप्ता, पूर्व नगर अध्यक्ष रवि खरे, वर्तमान जिला उपाध्यक्ष अश्विनी गौतम भी अपनी संभावनाओं को पुख्ता बनाने के प्रयासों में जुटे हुए हैं। इस सबके बावजूद सर्वाधिक मजबूत नाम अब भी मौजूदा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी का ही है, क्योंकि पार्टी के हर क्रायटेरिया में वे खरे उतर रहे हैं। कटनी से लेकर भोपाल तक के समीकरण भी उनके फेवर में बताए जा रहे हैं। अन्य दावेदारों में महापौर शशांक श्रीवास्तव का नाम भी लिया जा रहा है। पीताम्बर टोपनानी के रिपीट न होने की स्थिति में शशांक श्रीवास्तव पर भी पार्टी फैसला ले सकती है तो दूसरी ओर महामंत्री उदयराज सिंह और हरिशंकर गर्ग भी कहीं न कहीं अध्यक्ष की कतार में हैं। मिली जानकारी के अनुसार 14 मंडल अध्यक्ष और 14 जिला प्रतिनिधिनियों के साथ वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, सांसद, जिले में निवासरत प्रदेश के पदाधिकारी, वर्तमान पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठजन भी कल 30 नवम्बर को होने जा रही रायशुमारी में जिला निर्वाचन अधिकारी जयसिंह कुशवाहा और सहप्रभारी रामचंद्र तिवारी के समक्ष अपनी राय रखेंगे।

घोषणा भोपाल से ही
निर्वाचन प्रक्रिया का पालन करने के लिए पार्टी की ओर से रायशुमारी अवश्य की जा रही, लेकिन नये जिलाध्यक्ष की घोषणा भोपाल से ही होगी। कार्यकर्ताओं की राय को तरजीह मिलेगी या सीधे बड़े नेताओं की पसंद चलेगी यह तो आने वाले समय में सामने आयेगा फिलहाल कल की तैयारी को लेकर आज दिनभर सरगर्मी रही। अध्यक्ष बनने दावेदार कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ भाजपा नेताओं से संपर्क में व्यस्त रहे। वैसे सौ फीसद तय है कि भोपाल से ही कोई नाम आएगा और इसके लिए सबकुछ पहले से तय हो चुका है। अब केवल औपचारिकता शेष होगी।

Exit mobile version