Bjp का जुलाई में सर्वे, कार्यकर्ता और फ़ीडबैक विभाग से पूछा जाएगा विधायकों का परफॉर्मेंस
राजनीतिक डेस्क। भाजपा विधायकों का प्रदर्शन जानने के लिए जुलाई के महीने में होने वाले सर्वे में कार्यकर्ताओं की राय भी ली जाएगी। ये राय विधायक की टिकट के लिए काफी महत्वपूर्ण होगी। यही नहीं पार्टी के फ़ीडबैक विभाग से भी विधायकों के परफॉमेंस और पार्टी की रणनीति के बारे में जानकारी एकत्रित की जाएगी।
पार्टी नेताओं का मानना है कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं का अभिमत विधायक के खिलाफ होगा, उसे टिकट मिल पाना मुश्किल होगा। इस सर्वे में आम मतदाताओं का रूझान, विधायकों के प्रति उनकी धारणा, जनता के बीच विधायक की मौजूदगी का भी आकलन किया जाएगा। विधानसभा चुनाव के टिकट बांटने से पहले हो रहे इस आखिरी सर्वे में खास बात ये है कि पार्टी कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी और उसके बारे में भी लोगों की राय एकत्र करेगी।
भाजपा प्रदेश में चौथी बार सरकार बनाने के लिए एड़ी-चोटी को जोर लगा रही है। इस बार का चुनाव पार्टी ने संगठन और कार्यकर्ताओं की बदौलत लड़ने का निर्णय लिया है। पार्टी के अंदरूनी हालात बताते हैं कि कार्यकर्ता अपनी उपेक्षा के कारण नाराज हैं। यही वजह है कि पार्टी ने सर्वे में कार्यकर्ताओं को तवज्जो देने का निर्णय लिया है। इससे पार्टी के दो फायदे होंगे। पहला तो विधायक के बारे में उसे सही जानकारी मिलेगी। दूसरा तवज्जो मिलने से कार्यकर्ता खुश हो जाएगा।