बिलकिस बानो केस: सुप्रीम कोर्ट से दो दोषियों को बड़ी राहत, उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी जमानत; 17 साल से ज्यादा समय से जेल में थे बंद

bilkis bano

बिलकिस बानो केस: सुप्रीम कोर्ट से दो दोषियों को बड़ी राहत, उम्रकैद की सजा निलंबित कर दी जमानत; 17 साल से ज्यादा समय से जेल में थे बंद

नई दिल्ली: बिलकिस बानो सामूहिक दुष्कर्म और उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दो दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने दोनों दोषियों की आजीवन कारावास की सजा को निलंबित (Suspend) करते हुए उन्हें जमानत देने का आदेश दिया है। जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने 28 अक्टूबर को यह आदेश पारित किया।

कौन हैं ये दो दोषी और क्या बना राहत का आधार?

सुप्रीम कोर्ट से राहत पाने वाले दोनों दोषियों की पहचान विपिनचंद्र कन्हैयालाल जोशी और प्रदीप रमनलाल मोधिया के रूप में हुई है। ये दोनों उन 11 दोषियों में शामिल हैं, जिनकी समय से पहले रिहाई (Remission) को सुप्रीम कोर्ट ने जनवरी 2024 में रद्द कर दिया था, जिसके बाद इन्हें वापस जेल जाना पड़ा था।

अदालत ने दोनों को जमानत देते समय मुख्य रूप से दो तथ्यों को आधार बनाया, दोनों दोषी पहले ही 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। इनमें से एक दोषी गंभीर रूप से दिव्यांग है।

दोषसिद्धि के खिलाफ अपील पर जारी रहेगी सुनवाई

सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष की ओर से दलील दी गई कि इनमें से एक दोषी का नाम शुरुआती एफआईआर (FIR) में दर्ज नहीं था और उसे घटना के करीब तीन साल बाद आरोपी बनाया गया था। हालांकि, गुजरात सरकार ने दोषियों की जमानत याचिका का विरोध किया।

इसे भी पढ़ें-  दीपों का पर्व बना मातम का सन्नाटा: बरही में 3 मंजिला मकान में भड़की आग, 2 माह के बच्चे की मां की गोद में ही थमीं सांसें

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दोषियों द्वारा अपनी सजा (दोषसिद्धि) के खिलाफ दायर अपील में तथ्य और कानून से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विचार किया जाना बाकी है। ऐसे में दोषसिद्धि के खिलाफ मुख्य अपील पर सुनवाई आगे भी जारी रहेगी। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया कि जमानत से जुड़ी शर्तें संबंधित ट्रायल कोर्ट द्वारा तय की जाएंगी।

क्या है पूरा मामला?

यह दिल दहला देने वाली घटना साल 2002 में गोधरा ट्रेन अग्निकांड के बाद गुजरात में भड़के सांप्रदायिक दंगों के दौरान हुई थी। दंगाइयों की भीड़ ने 21 वर्षीय बिलकिस बानो के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था और उनके परिवार के सात सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना के वक्त बिलकिस बानो पांच महीने की गर्भवती थीं।