दशहरा देखने जा रहे बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दो युवकों की मौत,विलायतकला रोड पर हादसा, एक ने मौके पर तोड़ा दम, दूसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौ
कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र के विलायतकला रोड पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक दशहरा देखने के लिए बाइक से परसेल जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े युवकों को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 7:30 बजे विलायतकला रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से उमरिया जिले के चंदिया क्षेत्र के सिमराडी निवासी दिलबहार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल राम कोल (34 वर्ष) को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। हादसे की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। मृतक दिलबहार का पोस्टमार्टम बड़वारा में कराया गया, जबकि राम कोल का पोस्टमार्टम रविवार दोपहर जिला अस्पताल में किया गया।

