राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं बिहार के CM नीतीश कुमार, सोशल मीडिया पर लिखा, राजनीतिक हलचल तेज
पटना। बिहार की राजनीति से इस समय एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए संकेत दिया है कि वे राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं। खबर सामने आते ही राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और इसे बड़े राजनीतिक बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
नीतीश कुमार ने अपने पोस्ट में लिखा कि “मैं राज्यसभा का सदस्य बनना चाहता हूं। पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास और समर्थन मेरे साथ बनाए रखा है और उसी के बल पर हमने बिहार और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है।” उन्होंने आगे कहा कि जनता के भरोसे की ताकत से बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है, जिसके लिए वे पहले भी कई बार आभार व्यक्त कर चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया के बीच नीतीश कुमार जल्द ही अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो बिहार की राजनीति में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन संभव है और उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे की भी अटकलें लगाई जा रही हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर नीतीश कुमार राज्यसभा जाते हैं तो बिहार में सत्ता संतुलन बदल सकता है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के भीतर से ही कोई नया मुख्यमंत्री सामने आ सकता है।
फिलहाल नीतीश कुमार की इस पोस्ट को लेकर आधिकारिक तौर पर आगे की राजनीतिक रणनीति का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन इतना तय है कि यह बयान बिहार की राजनीति में एक बड़े बदलाव की शुरुआत का संकेत दे रहा है।