katniमध्यप्रदेश

बरही पुलिस की बड़ी सफलता: 25 लाख के चोरी गए सोने-चांदी के जेवर बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन आरोपी अब भी फरार, अंतरजिला चोर गिरोह का सदस्य दबोचा, स्विफ्ट कार सहित लाखों का माल जब्त

बरही पुलिस की बड़ी सफलता: 25 लाख के चोरी गए सोने-चांदी के जेवर बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार,7 दिन में बड़ी चोरी का खुलासा, 25 लाख के जेवर बरामद, तीन आरोपी अब भी फरार, अंतरजिला चोर गिरोह का सदस्य दबोचा, स्विफ्ट कार सहित लाखों का माल जब्त

कटनी। बरही थाना पुलिस ने 20 से 25 लाख रुपये की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके तीन साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार 23 जुलाई को बरही निवासी प्रमोद लखेरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर के समय अज्ञात चोर उनके घर का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और तिजोरी में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा 80 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 20 से 25 लाख रुपये बताई गई थी।

घटनास्थल से जुटाए गए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदेही बनुसकोर पारधी तक पहुंच बनाई। लगातार तलाश के बाद उसे हिरापुर पारधी टोला, बरही से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों छुपे राजा पारधी, दंगा पारधी और कचरु पारधी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर ग्राम खिरहनी पारधी टोला से चोरी के करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफ़ेद रंग की स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द चौबे उपनिरीक्षक नरेश झारिया, उपनिरीक्षक अरुण पाल सिंह, प्रधान आरक्षक नरेंद्र पटेल, आरक्षक अमित सिंह, रूपेंद्र, रामकृष्ण पटेल तथा साइबर सेल के अजय साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button