सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता: बडगाम में आतंकियों की गुप्त गुफा तबाह, भारी मात्रा में राशन और प्रोटीन सप्लीमेंट बरामद; बड़ी साजिश नाकाम
राष्ट्रीय डेस्क, Yashbharat.com। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में भारतीय सुरक्षा बलों ने आतंकवाद विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। रविवार को मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के खग इलाके के ‘शुप्लिन’ जंगलों में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाकर आतंकवादियों के एक संदिग्ध ठिकाने (प्राकृतिक गुफा) का पता लगाया और उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। सुरक्षा बलों की इस मुस्तैदी से आतंकियों की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई है।
प्राकृतिक गुफा को बनाया था आतंकियों ने ठिकाना
सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि खग के शुप्लिन जंगलों में संदिग्ध गतिविधियां देखी गई हैं। इस आधार पर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान जवानों को जंगलों के बीच एक प्राकृतिक गुफा दिखाई दी। जब जवानों ने सावधानीपूर्वक गुफा की तलाशी ली, तो खुलासा हुआ कि इसका इस्तेमाल आतंकी अपने छिपने के गुप्त ठिकाने के रूप में कर रहे थे।
लंबे समय तक टिकने की थी तैयारी: मिला राशन और ठंड से बचने का सामान
गुफा के भीतर से बरामद सामानों को देखकर सुरक्षा एजेंसियां भी हैरान रह गईं। आतंकियों ने वहां लंबे समय तक छिपने और सर्दियों में सर्वाइव करने का पूरा इंतजाम कर रखा था:
- खान-पान की सामग्री: 5 किलो चावल, 2 किलो प्याज, 1 किलो गुड़, मैगी नूडल्स (2 पैकेट), अमूल ताजा दूध (2 पैकेट), नमक, रिफाइंड तेल और एक्लेयर्स चॉकलेट।
- रसोई व दैनिक सामान: 1 गैस चूल्हा, 5 लीटर का पानी जग, 2 पतीले, 2 थालियां, गिलास।
- सर्दियों की तैयारी: 3 कंबल और 1 कालीन।
- अन्य सामग्री: 2 डिब्बे प्रोटीन सप्लीमेंट, तंबाकू के 2 पैकेट, बैटरी सेल और 1 अज्ञात बैग।
बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की थी फिराक
गुफा से भारी मात्रा में प्रोटीन सप्लीमेंट, राशन और सर्दियों के कपड़े मिलने से यह स्पष्ट है कि आतंकवादी यहां हफ्तों तक छिपकर क्षेत्र में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। सुरक्षा बलों ने ठिकाने को ध्वस्त कर इलाके की घेराबंदी कर दी है। फिलहाल पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए जांच और सर्च ऑपरेशन जारी है।
(देश और जम्मू-कश्मीर से जुड़ी हर सटीक व विश्वसनीय खबर के लिए जुड़े रहें — Yashbharat.com













