Site icon Yashbharat.com

बड़ी खबर: ACC-अडानी कैमोर प्लांट के 85 अधिकारियों का तबादला, 100 साल के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

images 44

कैमोर। (राजा दुबे) ACC अडानी सीमेंट प्लांट कैमोर जो अब अडानी समूह के स्वामित्व में है उसके 85 अधिकारियों का एक साथ तबादला कर दिया गया है। इस तरह अधिकारियों के एकमुश्त तबादले से यहां लोकल मैनेजमेंट में खलबली मची हुई है। तबादले का आधार अधिकारियों की पदस्थापना के कार्यकाल को बनाया गया है याने जो अधिकारी यहां पिछले पांच या उससे अधिक सालों से पदस्थ थे ऐसे सभी अधिकारियों को अडानी समूह के अन्य प्लांटों में स्थानांतरित कर दिया गया है। इतने व्यापक पैमाने पर अधिकारियों के तबादलों को लेकर नगर में चर्चाओं और अटकलों का बाज़ार गर्म है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लांट का हर विभाग इन तबादलों से प्रभावित हुआ है। इलेक्टिकल और इंस्ट्रूमेंट्स के लगभग सभी अधिकारियों पर तबादले की गाज गिरी है। सिविल,एच आर,स्टोर,फायनेंस, परचेज से लेकर माइंस तक कोई भी विभाग ऐसा नहीं जिसके प्रमुख अधिकारी इस तबादले से बच गए हों। अधिकारियों में से किसी को छतीसगढ़ किसी को गुजरात किसी को हिमांचल प्रदेश तो किसी को हजारों किलोमीटर दूर केरल के कोच्चि जाकर नया प्रभार ग्रहण करना होगा। अब अधिकारियों के सामने दो ही विकल्प हैं पहला यह कि जहां उन्हें नई पदस्थापना दी गई है वहां जाकर वे अपना प्रभार ग्रहण करें या अपनी नौकरी से इस्तीफा देकर किसी और कम्पनी में नया जॉब हासिल करें।

बताया गया कि अडानी समूह के शीर्ष प्रबंधन द्वारा ऐसे एकमुश्त तबादले केवल कैमोर प्लांट में ही नहीं किये बल्कि अडानी समूह की लगभग सभी कम्पनियों में एक स्थान पर कई सालों से जमे अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है।

Exit mobile version