कटनी पुलिस की बड़ी कॉम्बिंग गश्त: 17 स्थायी वारंटी सहित 66 वारंटी गिरफ्तार, 112 से अधिक बदमाशों की हुई चेकिं
कटनी। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने रविवार रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले भर में एक साथ चलाए गए अभियान के दौरान 17 स्थायी वारंटी और 49 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 66 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 15 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई तथा अवैध शराब के 15 मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
यह विशेष अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेन्द्र धार्वे तथा डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखते हुए 36 गुंडों, 32 निगरानी बदमाशों तथा जेल से रिहा एवं आदतन अपराधियों सहित 112 से अधिक व्यक्तियों की सघन जांच की। साथ ही जिलाबदर किए गए तीन बदमाशों का भी सत्यापन किया गया।
अवैध शराब के परिवहन, बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के विरुद्ध अभियान चलाते हुए आबकारी अधिनियम के तहत 15 प्रकरण दर्ज किए गए। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 15 वाहन चालकों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 31 जमानती वारंट एवं 15 समन तामील किए। इसके अलावा जुआ अधिनियम के तहत दो प्रकरण तथा अवैध मादक पदार्थ से संबंधित एक प्रकरण दर्ज किया गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एक व्यक्ति के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 52 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था के तहत 54 मुसाफिरों की जांच कर उनका विवरण रजिस्टर में दर्ज किया गया।
कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष कॉम्बिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।