उज्जैन के माकड़ोन मंडी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, ₹4 हजार की रिश्वत लेते उप निरीक्षक व कर्मचारी गिरफ्तार

images 89

उज्जैन के माकड़ोन मंडी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, ₹4 हजार की रिश्वत लेते उप निरीक्षक व कर्मचारी गिरफ्तार

उज्जैन: लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने शुक्रवार को कृषि उपज मंडी समिति तराना की उपमंडी माकड़ोन में छापामार कार्रवाई करते हुए मंडी उप निरीक्षक रोशन आर्य और उनके साथी आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी को ₹4,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से मंडी परिसर में हड़कंप मच गया। उज्जैन के माकड़ोन मंडी में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, ₹4 हजार की रिश्वत लेते उप निरीक्षक व कर्मचारी गिरफ्तार

प्रति बोरी ₹10 की अवैध वसूली का आरोप

जानकारी के अनुसार, ग्राम रूपाखेड़ी निवासी व्यापारी योगेश राठौर (श्री हरि एंटरप्राइजेज) ने 14 अक्टूबर को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत दर्ज कराई थी। व्यापारी का आरोप था कि वह नियमानुसार मंडी शुल्क (टैक्स) जमा करता है, लेकिन इसके बावजूद उप निरीक्षक रोशन आर्य सोयाबीन की प्रति बोरी पर ₹10 रिश्वत की मांग कर रहे थे। रिश्वत नहीं देने पर सोयाबीन से भरी गाड़ियों को मंडी से बाहर नहीं जाने देने की धमकी दी जाती थी।

लोकायुक्त ने ऐसे बिछाया जाल

शिकायत का सत्यापन डीएसपी राजेश पाठक द्वारा कराए जाने के बाद आरोप सही पाए गए। शुक्रवार को लोकायुक्त की 10 सदस्यीय टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। जैसे ही शिकायतकर्ता योगेश राठौर ने उप निरीक्षक रोशन आर्य को ₹4,000 दिए, रोशन आर्य ने वह राशि अपने साथी कर्मचारी संतोष भाटी को थमा दी। उसी समय लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर दोनों को धर दबोचा और रिश्वत की राशि बरामद कर ली।

लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।