सीबीआई ने ओडिशा पोस्टल रिक्रूटमेंट सर्टिफिकेट धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई की. 67 से अधिक स्थानों पर तलाशी अभियान भी चलाया गया. ग्रामीण डाक सेवक परीक्षा के लिए 63 उम्मीदवारों और डाक विभाग के अज्ञात अधिकारियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. सीबीआई ने डाक सेवाओं, भुवनेश्वर, ओडिशा के निदेशक की एक शिकायत के बाद इतने बड़े स्तर पर जांच शुरू की है.
छापेमारी की कार्रवाई में 204 अधिकारी जिसमें 122 सीबीआई से और 82 अलग-अलग विभागों के कर्मी शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक, टीम ने कालाहांडी, नोपाड़ा, रायगाडा, नाबारनगपुर, कांधामाल, केंदुझर, मयूरभंज, बालासोर और भदरक जैसे इलाकों में छापा मारा है. इतने बड़ी टीम की मदद से जांच अभियान चलाना मामले की गंभीरता को उजागर करता है. सीबीआई की टीम इन फर्जी प्रमाणपत्रों को उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदार गिरोह का पर्दाफाश करने की कोशिश कर रही है.
2023 में निकली थी भर्ती
सीबीआई ने 9 मई 2023 को आईपीसी की धारा 120-बी, 420, 468 और 471 के साथ धारा 511 और प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट 1988 की धारा 7 (ए) के तहत एक मामला दर्ज किया था. ये शिकायत डाक विभाग द्वारा ग्रामीण डाक सेवक परीक्षा, 2023 के 63 उम्मीदवारों और डाक विभाग के अज्ञात अधिकारियों सहित अन्य के खिलाफ की गई थी.

