Latestमध्यप्रदेश

Bhaiyyu Maharaj Suicide Case: पत्नी और बहन के बाद बेटी ने भी किया किनारा

Bhaiyyu Maharaj Suicide Case इंदौर। भय्यू महाराज आत्महत्या मामले में उनकी पत्नी आयुषी और बहन अनुराधा के बाद अब उनकी बेटी कुहू ने भी किनारा कर लिया है। बुधवार को महाराज की बेटी कुहू को बयान देने जिला कोर्ट में उपस्थित होना था लेकिन वह नहीं आई, जबकि उसे समन मिल चुका था। कोर्ट ने अब तीनों को दोबारा समन जारी करते हुए 22 और 23 अक्टूबर को उपस्थित होने को कहा है।

गौरतलब है कि 12 जून 2018 को भय्यू महाराज ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। महीनों तक मामले की जांच चलती रही। आत्महत्या के करीब छह महीने बाद पुलिस ने महाराज के सेवादार विनायक दुधाले, शरद देशमुख और पलक पुराणिक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और ब्लैकमेल करने के आरोप में केस दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से आरोपित जेल में हैं।

प्रकरण की सुनवाई जिला कोर्ट में सेशन जज एसके जैन के समक्ष चल रही है। मंगलवार को महाराज की पत्नी आयुषी और बहन अनुराधा को बयान देने उपस्थित होना था, लेकिन दोनों ही नहीं आए थे। इसके बाद बुधवार को बेटी कुहू और एक अन्य गवाह को बयान के लिए समन जारी हुए थे लेकिन वे भी नहीं आए।

कुहू कोर्ट का समन मिलने के बावजूद नहीं आई। शरद की तरफ से पैरवी कर रहे एडवोकेट धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि कोर्ट ने सभी गवाहों को दोबारा समन जारी किए हैं। कोर्ट अब 22 अक्टूबर को आयुषी और अनुराधा के बयान दर्ज करेगी जबकि 23 अक्टूबर को कुहू को बुलाया गया है।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम