बरही बंद रहा: छह मौतों से भड़का जनाक्रोश, व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रख जताया विरोध,नौ घंटे तक जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर उठे सवाल, नागरिकों की दो टूक- अब आश्वासन नहीं, दोषियों पर हो कठोर कार्रवा
बरही/कटनी। दीपावली की रात बरही में हुए भीषण अग्निकांड में अग्रवाल परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत ने पूरे नगर को झकझोर कर रख दिया है। हादसे के पांच दिन बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। इसी के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों और नगरवासियों ने बरही बंद का आह्वान किया। बंद को व्यापक समर्थन मिला और व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठानों के शटर नहीं खोले। होटल, मेडिकल स्टोर्स सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठान दिनभर बंद रहे। पूरे नगर में सन्नाटा पसरा रहा और लोगों ने एकजुट होकर प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की।
नगरवासियों का कहना है कि छह लोगों की असमय मौत केवल एक हादसा नहीं, बल्कि राहत एवं बचाव व्यवस्था की गंभीर खामियों और कथित प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। यदि समय रहते जिम्मेदार अधिकारी सक्रिय होते और आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम किए जाते तो शायद छह जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। लोगों ने मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए और राहत एवं बचाव कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। दोषियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के साथ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए।

