Bank loot : बैढ़न बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूट कांड: 15 करोड़ की वारदात की एक महीने से चल रही थी साजिश
Bank loot : बैढ़न बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूट कांड: 15 करोड़ की वारदात की एक महीने से चल रही थी साजिश।सिंगरौली जिले के बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार को हुई 15 करोड़ रुपये की बड़ी लूट मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस वारदात की योजना आरोपितों ने करीब एक महीने पहले से बनानी शुरू कर दी थी।
Bank loot : बैढ़न बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूट कांड: 15 करोड़ की वारदात की एक महीने से चल रही थी साजिश
किराए के मकान में रहकर रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने मोरवा क्षेत्र में बड़ी मस्जिद के पास बदामी देवी का मकान किराए पर लिया था। मकान लेते समय उन्होंने खुद को मजदूर बताकर पहचान छिपाई, ताकि किसी को उन पर शक न हो। शुरुआत में तीन आरोपी वहां रह रहे थे, जबकि बाद में उनके दो अन्य साथी भी शामिल हो गए।
कोतवाली पुलिस ने रविवार शाम मकान का ताला तोड़कर तलाशी ली। इस दौरान मकान मालकिन बदामी देवी को भी पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जहां कई अहम सुराग हाथ लगे हैं।
बैंक की रेकी कर बनाया निशाना
जांच में सामने आया है कि आरोपी रोजाना सुबह घर से निकलकर बैंक और आसपास के इलाकों की रेकी करते थे। उन्होंने कई बैंकों को निशाना बनाया, लेकिन बैंक ऑफ महाराष्ट्र को इसलिए चुना क्योंकि वहां सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था, जिससे वारदात को अंजाम देना आसान लगा।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कमलेश कुमार को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय से आठ दिन की पुलिस रिमांड भी मिली है, जहां उससे लगातार पूछताछ जारी है।
अन्य आरोपियों की पहचान
इस वारदात में बिहार के नालंदा निवासी फंटूश उर्फ ननकी/ननकू, झारखंड के गिरिडीह निवासी राजेश कुमार और झारखंड के सिंहभूम निवासी छोटू व पंकज शर्मा शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 10 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का पूरा खुलासा सामने आएगा।

