भिंड में संदिग्ध परिस्थितियों में जबलपुर निवासी बैंक उप प्रबंधक की मौत: बंद कमरे में मिली एक सप्ताह पुरानी सड़ी-गली लाश; मौके से शराब की बोतल बरामद
भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के फूफ कस्बे में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक किराए के कमरे से चंबल ग्रामीण बैंक के उप प्रबंधक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मूल रूप से जबलपुर निवासी अशोक खागा के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि शव करीब एक सप्ताह पुराना है।
कमरे से दुर्गंध आने पर खुला राज, मौके से शराब की बोतल बरामद जानकारी के अनुसार, जबलपुर निवासी अशोक खागा फूफ स्थित चंबल ग्रामीण बैंक की शाखा में उप प्रबंधक के पद पर पदस्थ थे और कस्बे के वार्ड क्रमांक-9 में महेंद्र जैन के मकान में किराए से रहते थे। शुक्रवार को जब उनके कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी, तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फूफ थाना प्रभारी (TI) छत्रपाल सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खुलवाया, तो अंदर उप प्रबंधक अशोक खागा का सड़ा-गला शव पड़ा मिला। पुलिस को तलाशी के दौरान कमरे से शराब की बोतल भी बरामद हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, बैंक कर्मचारियों से भी हो रही पूछताछ फिलहाल उप प्रबंधक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
“उप प्रबंधक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इसके साथ ही बैंक के अन्य कर्मचारियों से भी अशोक खागा के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का राज खुल सकेगा।” — छत्रपाल सिंह तोमर, थाना प्रभारी (TI), फूफ

