katniLatest

बरही महाविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कटनी । बरही महाविद्यालय में विश्व पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश शासकीय महाविद्यालय बरही में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई और ईको-क्लब के संयुक्त तत्वावधान में विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. आर. के. त्रिपाठी के मार्गदर्शन और प्रभारी कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पोस्टर प्रतियोगिता और कार्यशाला का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने चित्रों और स्लोगनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। छात्रों द्वारा बनाए गए पोस्टरों में पृथ्वी, जल संरक्षण और हरित वातावरण की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय महाविद्यालय बड़वारा के प्राचार्य डॉ. लवकुश सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि पृथ्वी का संतुलन बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

प्रभारी डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल को पूरी दुनिया में विश्व पृथ्वी दिवस मनाया जाता है और इस वर्ष इसका 56वां संस्करण आयोजित किया गया है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बढ़ते तापमान, जल संकट और ऑक्सीजन की कमी को भविष्य के गंभीर खतरे के रूप में बताया।

प्राचार्य डॉ. आर. के. त्रिपाठी ने पेड़ों की कटाई को हीट वेव का प्रमुख कारण बताते हुए वृक्षारोपण और प्लास्टिक के कम उपयोग पर जोर दिया। अन्य वक्ताओं ने भी ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण पर चिंता व्यक्त की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. रश्मि त्रिपाठी ने किया तथा आभार प्रदर्शन सुश्री प्रियंका तोमर द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, स्टाफ, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम