झांसी स्टेशन पर महिला TTE ने यात्री को कहा ‘अंगूठाछाप’: वीडियो वायरल होने के बाद रेल प्रशासन ने किया निलंबित

झांसी स्टेशन पर महिला TTE ने यात्री को कहा 'अंगूठाछाप': वीडियो वायरल होने के बाद रेल प्रशासन ने किया निलंबित

झांसी स्टेशन पर महिला TTE ने यात्री को कहा ‘अंगूठाछाप’: वीडियो वायरल होने के बाद रेल प्रशासन ने किया निलंबित

झांसी: उत्तर प्रदेश के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के साथ टीटीई (TTE) द्वारा अभद्रता किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला TTE यात्री को ‘अंगूठाछाप’ कहती और उसकी शक्ल से नफरत होने जैसी आपत्तिजनक टिप्पणियां करती नजर आ रही हैं। मामला सामने आने और सोशल मीडिया पर तूल पकड़ने के बाद रेल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित महिला TTE को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

जानिए क्या है पूरा मामला?

लखनऊ निवासी श्रवण कुमार अपने दो साथियों के साथ 6 नवंबर को आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा से कर्नाटक एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12627) में सवार हुए थे। तीनों यात्रियों के पास रेलवे काउंटर से ली गई वैध टिकट थी। चार्ट तैयार होने पर दो यात्रियों को S-2 कोच में सीट नंबर 39 तथा तीसरे यात्री को सीट नंबर 47 पर आरएसी (RAC) आवंटित हुई थी।

8 नवंबर को जब ट्रेन झांसी स्टेशन पहुंची, तो चेकिंग के दौरान महिला TTE ने यात्रियों से टिकट मांगी। श्रवण कुमार के अनुसार टिकट बैग के अंदर रखा हुआ था, जिसे निकालने में कुछ सेकंड का समय लग गया।इसी बात से नाराज होकर महिला TTE ने कहासुनी शुरू कर दी और यात्रियों को स्टेशन स्थित अपने कार्यालय ले आईं।यात्रियों ने रेलवे सिस्टम से ऑनलाइन वेरिफिकेशन करने का अनुरोध भी किया, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया।बैग से टिकट मिलने के बावजूद महिला TTE ने उनके साथ अमर्यादित व्यवहार जारी रखा।

इसे भी पढ़ें-  Train Number Changed: जनवरी 2027 से बदल जाएंगे 12 जोड़ी ट्रेनों के नंबर, देखें 24 ट्रेनों की पूरी लिस्ट

वायरल वीडियो में क्या आई आवाज?

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में महिला TTE यात्री पर भड़कती और उसे स्टेशन से जाने को कहती दिख रही हैं। जब यात्री ने लखनऊ जाने और टिकट होने की बात दोहराई, तो महिला TTE ने उसे ‘अंगूठाछाप’ कह दिया। इतना ही नहीं, वीडियो में महिला TTE यह भी कहती सुनाई दीं कि उन्हें यात्री की शक्ल से नफरत हो रही है और यदि वे व्यस्त नहीं होतीं, तो उसे दिखा देतीं कि वह क्या हैं।

रेलवे प्रशासन की कार्रवाई और जांच

पीड़ित यात्री श्रवण कुमार ने पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (Twitter) पर साझा करते हुए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई।  झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी महिला TTE को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विभागीय इंक्वायरी बैठा दी गई है।रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों के साथ गरिमापूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार रेलवे की प्राथमिकता है। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए टिकट चेकिंग स्टाफ की विशेष काउंसलिंग कराई जा रही है। उल्लेखनीय है कि रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग स्टाफ के दुर्व्यवहार की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले बरेली रेलवे स्टेशन पर भी एक महिला टीटीई द्वारा यात्री के साथ मारपीट और अभद्रता का वीडियो वायरल हो चुका है।