Assembly Bypolls 2025: 5 सीटों पर मतदान, 4 राज्यों में टिकी हैं राजनीतिक निगाहें। आज देश के चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर विधानसभा उपचुनाव हो रहे हैं। सुबह 7 बजे से सभी सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। केरल, पंजाब, पश्चिम बंगाल की एक-एक और गुजरात की दो विधानसभा सीट पर उप चुनाव हो रहे हैं।
Assembly Bypolls 2025: 5 सीटों पर मतदान, 4 राज्यों में टिकी हैं राजनीतिक निगाहें
केरल की नीलांबुर, पंजाब की लुधियाना पश्चिम, पश्चिम बंगाल की कलीगंज और गुजरात की विसवदर, कडी सीट के लिए मतदान जारी है। पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला है।
उपचुनाव के नतीजे 23 जून को जारी किए जाएंगे। ये चुनाव किसी भी राज्य की सत्ता में बदलाव नहीं लाएंगे, लेकिन क्षेत्र की जनता के नेतृत्व के लिए और आगामी चुनाव की तैयारियों के लिए अहम हैं।
लुधियाना पश्चिम सीट पर आप और बीजेपी के बीच टक्कर
लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट आप के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का जनवरी में निधन होने के कारण खाली हो गई थी। इस सीट के लिए कुल 14 उम्मीदवार मैदान में है। हालांकि मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा, कांग्रेस के भारत भूषण आशु, बीजेपी के जीवन गुप्ता और शिरोमणि अकाली दल के परउपकार सिंह घुम्मण के बीच है। इस दौरान लुधियाना पश्चिम की करीब 1.75 लाख जनता 14 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेगी।
अधिकारियों ने बताया कि उपचुनाव के लिए कुल 194 मतदान केंद्र होंगे। राज्य में सत्तारूढ़ ‘आप’ ने उपचुनाव के लिए राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है। अरोड़ा (61) लुधियाना के उद्योगपति हैं और अपने सामाजिक कल्याण कार्यों के लिए भी जाने जाते हैं। वह ‘कृष्ण प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट’ चलाते हैं। अरोड़ा 2022 से राज्यसभा के सदस्य हैं। विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने पूर्व मंत्री और कांग्रेस की पंजाब इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष भारत भूषण आशु (51) पर दांव लगाया है। आशु 2012 और 2017 में दो बार इस सीट से विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्हें गोगी ने 7,512 मतों के अंतर से हराया था। आशु पिछली कांग्रेस सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रह चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी के वरिष्ठ नेता जीवन गुप्ता को मैदान में उतारा है। वह पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के सदस्य हैं। वह इससे पहले पार्टी की प्रदेश इकाई के महासचिव रह चुके हैं। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने उपचुनाव के लिए परोपकर सिंह घुम्मन को अपना उम्मीदवार बनाया है। घुम्मन पेशे से वकील हैं और लुधियाना बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हैं।
मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बुधवार (18 जून) को गर्ल्स खालसा कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को मतदान के सामान के साथ पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना किया गया था। इस सीट पर कुल 1,75,469 वोटर्स हैं. इनमें से 90,088 पुरुष और 85,371 महिलाएं हैं। इसके अलावा, 10 ट्रांसजेंडर मतदाता भी शामिल हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए मॉडल और ग्रीन पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। वहीं, दिव्यांगों और महिलाओं के लिए अलग पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।
गुजरात में आप-कांग्रेस बीजेपी में मुकाबला
गुजरात की विसावदर और कडी विधानसभा सीटों पर भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। पूर्व आप विधायक भूपेंद्र भयानी के दिसंबर 2023 में भाजपा में शामिल होने के बाद से खाली हुई जूनागढ़ की विसावदर सीट पर हाई-प्रोफाइल उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने किरीट पटेल, कांग्रेस ने नितिन रणपरिया और आप ने अपने पूर्व गुजरात अध्यक्ष गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा है। मेहसाणा जिले के कादी में, अनुसूचित जाति (एससी) के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित सीट फरवरी में भाजपा विधायक करसन सोलंकी की मृत्यु के बाद से खाली है। सत्तारूढ़ पार्टी ने राजेंद्र चावड़ा को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने रमेश चावड़ा को मैदान में उतारा है, जो 2012 में सीट जीतने वाले पूर्व विधायक हैं, जबकि आप ने जगदीश चावड़ा पर दांव लगाया है। हर निर्वाचन क्षेत्र में 294 मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के माध्यम से मतदान होगा। गुजरात सरकार ने मतदाताओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए मतदान के दिन दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की है।
