Ashok Gehlot Vs Narendra Modi: मेरा 3 मिनट का भाषण काट दिया, राजस्थान सीएम का बड़ा आरोप, PMO ने दिया जवाब

Ashok Gehlot Vs Narendra Modi: मेरा 3 मिनट का भाषण काट दिया, राजस्थान सीएम का बड़ा आरोप, PMO ने दिया जवाब। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी के सीकर प्रोग्राम में उनका पूर्व निर्धारित 3 मिनट का भाषण भी था, जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने हटा दिया। गहलोत का कहना है कि राजस्थान के विकास में केंद्र के साथ ही राज्य सरकार का भी योगदान है।
गहलोत के आरोप पर सरकार का जवाब
पीएमओ ने राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत के ट्वीट का जवाब देते हुए ट्वीट किया, ‘प्रोटोकॉल के अनुसार, आपको विधिवत आमंत्रित किया गया और आपका भाषण भी निर्धारित किया गया था, लेकिन आपके कार्यालय ने कहा कि आप शामिल नहीं हो पाएंगे। पीएम की पिछली यात्राओं के दौरान भी आपको हमेशा आमंत्रित किया गया है और आपने अपनी उपस्थिति से उन कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाई है।
आज के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आपका स्वागत है। विकास कार्यों की पट्टिका पर भी आपका नाम है। जब तक आपको अपनी हालिया चोट के कारण कोई शारीरिक परेशानी नहीं होती, आपकी उपस्थिति को विशेष रूप से महत्व दिया जाएगा।’
समाचार एजेंसी ANI ने भारत सरकार के सूत्रों के हवाले से स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि सीकर में दो अलग-अलग आयोजन हो रहे हैं। एक सरकारी कार्यक्रम है और दूसरा पार्टी का। सरकारी कार्यक्रम का आयोजन केवल इसलिए किया जा रहा है, ताकि राजस्थान के मुख्यमंत्री भी भाग ले सकें। वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीकर में शामिल होना चाहते थे, जो सामान्य प्रक्रिया या प्रोटोकॉल के अनुसार नहीं है।








