32 एमपी बटालियन एनसीसी का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू, 539 कैडेट्स ले रहे हिस्सा
चार जिलों के 14 स्कूल और तीन महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं दस दिनों तक सीखेंगे सैन्य प्रशिक्षण के गु
कटनी। नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की 32 एमपी बटालियन का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर सिलिकोबाइट कटनी डिग्री कॉलेज (केडीसी) के रेड फोर्ट कैंपस में उत्साह और गरिमामय वातावरण में प्रारंभ हुआ। दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में चार जिलों के 14 विद्यालयों और तीन महाविद्यालयों के कुल 539 बालक एवं बालिका कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं।
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राजवेलु के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 10 प्रशिक्षित पीआई स्टाफ कैडेट्स को विभिन्न सैन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, फायरिंग, पीटी, मार्च पास्ट और आपदा प्रबंधन सहित सैन्य प्रशिक्षण की बारीकियां सिखाई जाएंगी। शिविर का शुभारंभ मार्च पास्ट और ड्रिल के साथ हुआ। इसका उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और सैन्य सेवाओं के प्रति रुचि विकसित करना है।
शिविर के दौरान नगर निगम कटनी के अग्निशमन विभाग द्वारा अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। फायर इंचार्ज मृदुल श्रीवास्तव एवं शैलेन्द्र कुमार दुबे के मार्गदर्शन में फायरमैन वीरेन्द्र कुमार खरे ने कैडेट्स को आग से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। अग्निशमन दल ने उपकरणों के उपयोग और आग लगने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया।
इस दौरान फायरमैन शिवानंद बड़गैंया, संजीव सिंह चंदेल, शिवम पाण्डेय एवं चालक संदीप कुमार ने घरेलू गैस सिलेंडर, विद्युत उपकरणों तथा अन्य कारणों से लगने वाली आग से बचाव के उपाय बताए। कैडेट्स को अग्निशमन यंत्रों के सही इस्तेमाल के साथ आपातकालीन स्थिति में स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों की मदद करने के तरीके भी समझाए गए।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य एनसीसी कैडेट्स को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ आपदा प्रबंधन में दक्ष बनाना है, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में सूझबूझ और साहस के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा सकें। शिविर में कैडेट्स ने व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर एनसीसी के अनुशासन, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण के उद्देश्यों को करीब से अनुभव किया।

