शिक्षा के साथ कला और खेलकूद सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक, सायना इंटर नेशनल स्कूल में महादेवी वर्मा अंतर सदनीय वाद-विवाद प्रतियोगिता संपन्न

कटनी(YASHBHARAT.COM)। सायना इन्टरनेशनल स्कूल में कनिष्ठ वर्ग के विषय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेल और कला की भूमिका महत्त्वपूर्ण है । पक्ष और विपक्ष में तर्क देकर बच्चों ने यह सिद्ध कर दिया कि बच्चों के लिए शिक्षा के साथ कला भी आवश्यक है । दूसरी ओर वरिष्ठ वर्ग के वाद-विवाद प्रतियोगिता के विषय विकसित भारत 2047 केवल आर्थिक शक्ति नहीं नैतिक शक्ति भी है। पक्ष एवं विपक्ष में छात्रों ने तर्कपूर्ण विचार रखते हुए समर्थन किया तो विपक्ष में सहभागिता कर रहे बच्चों ने शांति का मार्ग अपनाकर सुधारने की बात की । कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डाॅ0 आदित्य कुमार शर्मा ( सायना इन्टरनेशनल स्कूल) एवं निर्णायकों के आगमन से हुआ, जिनका स्वागत हेडमास्टर डाॅ॰ लोकेश दुबे, कमल सरेचा एवं श्रीमती रीत मोंगा ने किया । स्वागतोपरान्त प्राचार्य एवं निर्णायकों ने महादेवी वर्मा के तैल चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया तत्पश्चात प्रथमचक्र के सभापति रिया यादव एवं उपसभापति शरद पांडेय ने वाद-विवाद की नियमावली को समझाकर प्रतियोगिता को श्रीगणेश करने की अनुमति दी। तदोपरान्त द्वितीय चरण में सभापति कार्तिक यादव एवं उपसभापति पार्थ चक्रवर्ती ने मर्यादित गरिमामयी पद की भूमिका को बखूबी निभाया। वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती राजेश्वरी खरे, पुस्तकालयाध्यक्ष हर्षेन्द्र पाल यादव, हिंदी शिक्षिका श्रीमती प्रीति पाठक एवं श्रीमती सीमा विश्वकर्मा ने निर्णायक की भूमिका कीे निभाते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया। परिणामों की घोषणा करते हुए सायना के प्राचार्य डाॅ आदित्य कुमार शर्मा ने कहा कि वाद-विवाद प्रतियोगिता से बच्चों के चिंतन मनन एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास होता है। आज बच्चों ने अपने पक्ष को तार्किक ढंग से रखा। कुछ बच्चे निश्चित रूप से सांख्यकीय आंकड़े प्रस्तुत करते हुए अपनी बात को सिद्ध कर रहे थे। यह अभिव्यक्ति का सही तरीका है।
कनिष्ठ वर्ग में कैडेट तेजस त्रिपाठी ने सर्वश्रेष्ठ वक्ता के रूप में उभरकर सफायर सदन को प्रथम श्रेणी पर पहुँचाया वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ वर्ग में सफायर सदन से अभिजीत तिवारी ने श्रेष्ठ वक्ता के रूप में उभरकर खूब तालियाँ बटोरी। रूबी सदन से सैफ अली ने अपने ओजस्वी विचार से रूबी सदन को प्रथम स्थान पर पहुँचाया। कैडेट ओमी गुप्ता ने अपने ओजस्वी विचारों से टोपाज हाउस को द्वितीय स्थान पर पहुँचा। इस कार्यक्रम का सफल संचालन संस्कृत शिक्षिका श्रीमती प्रीतिमा उपाध्याय ने किया। हिंदी -संस्कृत शिक्षक आनंद सैनी ने सभी का आभार प्रकट किया। अंत में हिंदी विभागाध्यक्ष दिलीप झा ने धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया।








