कटनी जिले की प्रशासनिक खबरें:-गेहूं उपार्जन पंजीयन की समस्याओं के निराकरण हेतु जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित
कटनी(YASH BHARAT.COM)। रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर 7 फरवरी से शुरू हो रहे गेहूं उपार्जन के लिए किसान पंजीयन हेतु निर्धारित पंजीयन केन्द्र पर आने वाली समस्याओं के निराकरण हेतु जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
गेहूं उपार्जन के दौरान तकनीकी समस्याओं के निराकरण हेतु टेक्नीकल सपोर्ट ग्रुप गठित
कटनी। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिये जिला स्तर पर गेहूं उपार्जन में आने वाली तकनीकी समस्याओं के निराकरण हेतु कलेक्टर आशीष तिवारी ने टेक्नीकल सपोर्ट ग्रुप का गठन किया है। जारी आदेश के अनुसार गठित टेक्नीकल सपोर्ट ग्रुप में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी प्रफुल्ल श्रीवास्तव, सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष कुमार शुक्ल, खाद्य विभाग के ऑपरेटर सूर्य प्रताप बागड़े, शुभम पाठक व एमपीएससीएससी ऑपरेटर शेखर श्रीवास्तव को शामिल किया गया है। यह दल जिला स्तर पर धान उपार्जन में आने वाले तकनीकी समस्याओं का समाधान व निराकरण करेगा।
रबी उपार्जन की निगरानी हेतु जिला स्तरीय उपार्जन समिति गठित
कटनी। रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्?य पर गेहूं पंजीयन के क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिला स्तरीय उपार्जन समिति का गठन किया है। जिला स्तरीय उपार्जन समिति पंजीयन की समस्त प्रक्रिया हेतु उत्तरदायी होगी। कलेक्टर श्री तिवारी द्वारा गठित जिला स्तरीय उपार्जन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर होगे जबकि जिला आपूर्ति अधिकारी सदस्य सचिव और सदस्य के तौर पर जिला लीड बैंक अधिकारी, उपसंचालक कृषि, सहायक आयुक्त सहकारिता, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, महाप्रबंधक जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जिला प्रबंधक एमपीएससीएससी व मप्र वेयर हाउस लॉजिस्टक कार्पोरेशन के जिला प्रबंधक, अधीक्षक भू अभिेलेख और सचिव कृषि उपज मंडी को सदस्य बनाया गया है।
अग्निवीर थल सेना भर्ती हेतु बैठक 30 को
कटनी। कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में शुक्रवार 30 जनवरी को शाम 4 बजे से कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में अग्निवीर थल सेना भर्ती रैली आयोजित करने के संबंध में बैठक आयोजित की गई है। जिला रोजगार अधिकारी डी के पासी ने पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, नगर निगम आयुक्त, वनमंडलाधिकारी, एसडीएम कटनी, जिला शिक्षा अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने का आग्रह किया है।
प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना के किसानों को सोलर पंप देने कार्यादेश जारी
कटनी। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम कुसुम योजना के घटक-ब प्रदेश में प्रधानमंत्री कृषक सूर्य मित्र योजना के नाम से संचालित है, जिसके अंतर्गत कटनी जिले के किसानों के लिए सिंचाई की सुविधा और भी आसान हो रही है। जिले में ऑफग्रिड सोलर पंपों की स्थापना का कार्य तेजी से प्रगति पर है, जिससे किसानों की बिजली पर निर्भरता कम होगी तथा खेती की लागत में कमी आएगी।
योजनांतर्गत कटनी जिले में 559 आवेदनों के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं।
90 फीसदी मिल रहा अनुदान
इस योजना के अंतर्गत सोलर पंप स्थापना के लिए अत्यंत सरल एवं लाभकारी वित्तीय ढांचा तय किया गया है। योजनांतर्गत किसान अंशदान केवल 10 फीसदी, केंद्र सरकार का अनुदान 30 फीसदी एवं बैंक ऋण शेष 60 फीसदी ऋण की गारंटी मध्यप्रदेश शासन द्वारा दी जा रही है। ऋण प्रक्रिया को आसान बनाने हेतु सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया को नोडल बैंक नियुक्त किया गया है।
योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया
योजना का लाभ प्राप्त करने एवं वेंडर द्वारा कार्य प्रारंभ करने के लिए ऋण स्वीकृति अनिवार्य है। इसके लिए कुसुम-बी राज्य पोर्टल से एआईएफ (एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड) में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। नोडल बैंक में किसान का खाता एवं सीआईएफ की उपलब्धता होने पर डिजिटल लेंडिंग के माध्यम से बैंक द्वारा ऋण की अंतिम स्वीकृति दी जाती है।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढीमरखेड़ा में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल एवं स्वरोजगार से संबंधित दी गई जानकारियां
कटनी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढीमरखेड़ा में गुरूवार को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण हेतु करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आईटीआई से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों, उनमें उपलब्ध तकनीकी कौशल, रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
आत्मनिर्भर भारत, आत्मनिर्भर किसान, विषय पर अर्थशास्त्र विभाग में दो दिवसीय शैक्षणिक सेमिनार संपन्न
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा दो दिवसीय सेमिनार की श्रृंखला में गुरूवार को आत्मनिर्भर भारत, आत्मनिर्भर किसान विषय पर एक दिवसीय शैक्षणिक सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य विद्यार्थियों में कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं आत्मनिर्भरता से जुड़े समसामयिक मुद्दों की गहरी समझ विकसित करना था। यह सेमिनार महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.सुनील कुमार बाजपेई के कुशल मार्गदर्शन एवं संरक्षण में तथा सेमिनार के निर्देशक एवं विभागाध्यक्ष डॉ.सुनील कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित किया गया। उद्घाटन सत्र में डॉ. त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि किसानों की आर्थिक, तकनीकी एवं सामाजिक आत्मनिर्भरता के बिना आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना अधूरी है। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक, विपणन सुविधाओं और नीतिगत सहयोग से सशक्त बनाकर ही देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की जा सकती है। वहीं सेमिनार को संबोधित करते हुए प्रो.अजय कुमार कुररिया ने विषय की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर किसान ही ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और समावेशी आर्थिक वृद्धि का आधार है। किसानों को उत्पादन के साथ-साथ प्रस्कंरण, भंडारण और विपणन से जोडऩा अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में प्रो.अजय कुमार कुररिया, प्रियंका गुप्ता एवं डॉ. अपेक्षा मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए किसानों के समक्ष विद्यमान चुनौतियों जैसे लागत वृद्धि, बाजार अस्थिरता, जलवायु परिवर्तन एवं तकनीकी जानकारी की कमी पर चर्चा की तथा इनके संभावित समाधानों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने सरकारी योजनाओं, डिजिटल कृषि, एफपीओ तथा नवाचार आधारित कृषि मॉडल को आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। सेमिनार में गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. धीरज कुमार और रसायन शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष पुनर्वसु भट्टाचार्य ने अपने उद्बोधन से विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन किया।
ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत ग्राम कल्हैयाखुर्द में ग्राम उत्सव आयोजित, समिति द्वारा श्रमदान कर बोल्डर बंधान, नशा मुक्ति शपथ एवं समरसता भोज का आयोजन
कटनी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषदए विकासखंड बहोरीबंद के सेक्टर क्रमांक-4 कौडिय़ां के अंतर्गत ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश अभियान के तहत ग्राम कल्हैयाखुर्द में ग्राम उत्सव का आयोजन श्रमदान, नशा मुक्ति एवं समरसता भोज के माध्यम से किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कल्हैयाखुर्द के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ तेज सिंह केशवाल ने 12 ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश शासन के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह अभियान पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शासकीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। इसी क्रम में विकासखंड एवं ग्राम स्तर पर ग्राम उत्सवों का आयोजन किया जा रहा है।
शहीद दिवस पर रखा जाएगा दो मिनट का मौन
कटनी। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने जीवन का बलिदान देने वाले शहीदों की स्मृति में शुक्रवार 30 जनवरी को शहीद दिवस के अवसर पर प्रात: 11 बजे दो मिनिट का मौन रखा जाएगा। इस दौरान काम और आवागमन बंद कर दिया जाएगा। दो मिनट के मौन की अवधि शुरू होने तथा समाप्त होने की सूचना सायरन बजाकर या आर्मी गन से दी जाएगी। सायरन 10-59 बजे से 11 बजे तक बजाए जायेंगे और दो मिनट के बाद 11:02 बजे से 11:03 बजे तक पुन: ऑल क्लियर सायरन बजाए जायेंगे। सिग्नल (जहां उपलब्ध हो) सुनकर सभी व्यक्ति खड़े हो जायेंगे और मौन धारण करेंगे। जिन स्थानों पर सिग्नल प्रणाली की कोई व्यवस्था नहीं होगी, वहां पूर्वान्ह 11 बजे दो मिनट का मौन रखने के लिए सभी संबंधितों को उपयुक्त निर्देश दिए जायेंगे। आम जनता से शहीद दिवस को उचित गंभीरता के साथ मनाने का आग्रह किया गया है। साथ ही सभी शैक्षणिक संस्थाओं और सार्वजनिक उपक्रमों को निर्देश दिये गये हैं कि शहीद दिवस को पूरी गंम्भीरता के साथ मनाया जाय।
