katniमध्यप्रदेश

हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर डीजल बरामद,झिंझरी पुलिस की कार्रवाई — चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार सहित डीजल निकालने के उपकरण जब्त, अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद

हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर डीजल बरामद,झिंझरी पुलिस की कार्रवाई — चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार सहित डीजल निकालने के उपकरण जब्त, अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मी

कटनी, 27 अगस्त। एनएच-30 हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले आरोपी को झिंझरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 225 लीटर डीजल, चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार सहित डीजल निकालने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा डीजल चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती शिवा पाठक एवं थाना प्रभारी माधवनगर श्री शैलेन्द्र सिंह यादव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

ट्रक की डीजल टंकी का ढक्कन तोड़कर चोरी

जानकारी के अनुसार, फरियादी चालक सुरेश कुमार खरोल ने 26 अगस्त को थाना माधवनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपना ट्रेलर ट्रक क्रमांक RJ 32 GD 5722 लेकर जायसवाल ढाबा, पिपरौंध के सामने खड़ा कर रात में ट्रक के अंदर सो गया था। सुबह करीब 5 बजे उठने पर ट्रक की डीजल टंकी का ढक्कन टूटा मिला और उसमें से डीजल चोरी होना पाया गया।

फरियादी ने पुलिस को यह भी बताया कि रात के समय ट्रक के आसपास सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार, जिसका नंबर MP 21 से शुरू होता है, संदिग्ध अवस्था में घूमती दिखाई दी थी। रिपोर्ट पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 868/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी मदद और मुखबिर तंत्र से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी झिंझरी पुलिस ने तत्काल मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। साथ ही साइबर सेल कटनी से तकनीकी सहयोग लिया गया। जांच के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 21 CA 6181 की जानकारी सामने आई। पुलिस ने कार को आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन, निवासी ग्राम पिपरौंध, थाना माधवनगर, जिला कटनी के लखापतेरी स्थित गोदाम में खड़ा पाया।

गोदाम की तलाशी के दौरान पुलिस ने 9 डिब्बों में करीब 225 लीटर डीजल, डीजल निकालने का पाइप मय इंस्ट्रूमेंट, डीजल भरने एवं निकालने की दो बड़ी चुंगी तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर जब्त की।

अन्य डीजल चोरी की वारदातों के खुलासे की संभावना

पुलिस पूछताछ में आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन ने डीजल चोरी की घटना में अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस जांच में आरोपी के पूर्व में भी डीजल चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहने की जानकारी सामने आई है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर जिले में हुई अन्य डीजल चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस को पूछताछ के दौरान कई अन्य घटनाओं के खुलासे की उम्मीद है। मामले में विवेचना जारी है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उनि राजेश कुमार दुबे के नेतृत्व में सउनि शशिभूषण सिंह, सउनि सतीश भगल, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी, आरक्षक संजय यादव, आरक्षक सौरव कुमार, आरक्षक चन्द्रकमल पाण्डेय एवं साइबर सेल कटनी के आरक्षक अजय साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Back to top button