नेमावर रोड पर हादसा: बारातियों की कार ट्रक से टकराई, 4 की मौत, 11 घायल, इंदौर में नेमावर रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां बारातियों से भरी कार भूसे से लदे ट्रक (आयशर वाहन) से टकरा गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना देवगुराड़िया ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास उस समय हुई जब दुल्हन को लेकर लौट रही बारात की गाड़ी आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान सामने चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे आ रही कार नियंत्रण खो बैठी और सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही खुड़ैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया, जिन्होंने कुछ समय के लिए सड़क पर जाम लगा दिया।

