katniमध्यप्रदेश

हाईवे पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला फरार आरोपी गुजरात से गिरफ्तार

हाईवे पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला फरार आरोपी गुजरात से गिरफ्ता

कटनी। कटनी पुलिस ने हाईवे पर चालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले फरार आरोपी को गुजरात के बड़ोदरा से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन, उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के पर्यवेक्षण तथा माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में चौकी निवार प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अंजनी मिश्र एवं उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 25 जून 2026 को ग्राम लखापतेरी बायपास स्थित जियो पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात आरोपियों ने एक चालक की कार के आगे अपना वाहन लगाकर उसे रोक लिया और जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में गुलवारा निवासी 30 वर्षीय शैलेश कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय कटनी में भर्ती कराया गया था।

घटना के बाद चौकी निवार, थाना माधवनगर में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने गंभीर धाराओं में विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पेट्रोल पंप एवं बायपास मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य जानकारियों का गहन विश्लेषण किया। इसके आधार पर घटना में प्रयुक्त वाहन और आरोपियों की पहचान की गई।

लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी विक्की उर्फ बिक्रम राजपूत (23) निवासी ग्राम पड़री, थाना पनागर, जिला जबलपुर, वर्तमान निवासी जवाहर नगर, बड़ोदरा (गुजरात) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जबलपुर से कटनी आते समय ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे, चौकी प्रभारी निवार सहायक उप निरीक्षक अंजनी मिश्र, उप निरीक्षक राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति तथा आरक्षक शुभम सिंह की उल्लेखनीय भूमिका रही।

Back to top button