नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी का घोषणापत्र जारी, 85% दिल्लीवासियों को नौकरी देने का वादा
केजरीवाल ने कहा, ‘बीजेपी आज पाकिस्तान के एजेंडे पर काम कर रही है. अमित शाह और मोदी की जोड़ी को केन्द्र में आने से रोकने के लिये हम सब करेंगे. हम सभी का समर्थन करेंगे इनको रोकने के लिये. और इसके साथ हमारी मांग दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की होगी.’
आम आदमी पार्टी का घोषणापत्र जारी, 85% दिल्लीवासियों को नौकरी देने का वादा घोषणापत्र जारी करते आप नेता
आम आदमी पार्टी (AAP) ने लोकसभा चुनाव 2019 के लिए घोषणापत्र जारी कर दिया है. आप के कार्यालय में घोषणापत्र जारी करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने वादा किया कि दिल्ली पूर्ण राज्य बनेगी, तो इतने कॉलेज खोल देंगे कि 60 % वाले को भी एडमिशन मिल जाएगा. केजरीवाल ने कहा कि, ‘दिल्ली में ऐसी व्यवस्था करेंगे कि 85% नौकरी दिल्ली के लोगों को मिलेगी. इसके साथ ही कच्चे कर्मचारियों को पक्का कर देंगे.’
बीजेपी को छोड़ किसी को भी देंगे समर्थन
मैनिफेस्टो जारी करते हुए अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया कि ये चुनाव संविधान को बचाने वाला है, हमारा लक्ष्य नरेंद्र मोदी को चुनाव हराना है. उन्होंने कहा, ‘बीजेपी को छोड़ जो भी सरकार बनाने की हालत में होगा, हम उसे समर्थन करेंगे. जो भी सरकार दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देगी हम उसी को समर्थन करेंगे.’
दिल्ली पुलिस में खाली पदों पर होगी भर्ती
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज बीजेपी अल्पसंख्यकों को घुसपैठिया मानती है, हमारा लक्ष्य हर किसी को सुरक्षित महसूस करवाना है. पूर्ण राज्य का दर्जा मिलते ही दिल्ली पुलिस में खाली पड़ी जगहों को भरेंगे.
हमारी संस्कृति को बचाने की जरूरत
केजरीवाल ने कहा, ‘2019 का चुनाव भारत के इतिहास में एक टर्निंग प्वाइंट हो सकता है. यह भारत के लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है. भारत पर पहले भी कई हमले हुए लेकिन सभी धर्म और जाति के लोग साथ थे. आज हमारी संस्कृति ख़तरे में है. इस संस्कृति को बचाने की जरूरत है.’
दिल्ली को दिलाकर रहेंगे पूर्ण राज्य का दर्जा
केजरीवाल ने आगे कहा, ‘बीजेपी ने अपना मेनिफेस्टो जारी किया. जिसके बाद अमित शाह ने खुद कहा था कि ये सब जुमलेबाजी होती है. अमित शाह ने ख़ुद कहा था कि हम सिर्फ 3 धर्मों के लोगो के साथ काम करेंगे. बाकी को क्या ये बाहर करने वाले हैं? मुसलमानों को बाहर करने वाले हैं? बीजेपी आज पाकिस्तान के एजेंडे पर काम कर रही है. अमित शाह और मोदी की जोड़ी को केन्द्र में आने से रोकने के लिये हम सब करेंगे. हम सभी का समर्थन करेंगे इनको रोकने के लिये. और इसके साथ हमारी मांग दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की होगी.’
दिल्ली में नहीं होगी सीलिंग
वहीं, मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली पूर्ण राज्य होती तो दिल्ली में सीलिंग नही होने देते.अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी नही होती. स्कूलों में शिक्षकों की कमी नही होती. लोकपाल बन गया होता. ACB राज्य सरकार के पास होती और दिल्ली में भ्रष्टाचार खत्म हो गया होता. दिल्ली को पूर्ण राज्य मिलेगा, तो हम ये सब करके दिखाएंगे.
इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने ये वादें भी किए
पूर्ण राज्य बनने पर ठेके के कर्मचारियों (गेस्ट टीचर्स भी) को एक हफ्ते के अंदर पक्का करेंगे
एमसीडी आप के अंतर्गत आई तो हर तरफ फैले कूड़े से छुटकारा दिलाएंगे
डीडीए में भ्रष्टाचार को खत्म करके 10 साल के अंदर दिल्लीवासी को सस्ती और आसान किस्तों में घर दिलाएंगे एंटी करप्शन ब्रांच जिसे मोदी सरकार ने ‘छीना’ उसे वापस लेकर फिर भ्रष्टाचार कम करेंगे