वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला के निधन से पत्रकार जगत में शोक की लहर, लोकप्रिय और मिलनसार व्यक्तित्व के निधन से अपूरणीय क्षति, जिला पत्रकार संघ ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला के निधन से पत्रकार जगत में शोक की लहर, लोकप्रिय और मिलनसार व्यक्तित्व के निधन से अपूरणीय क्षति, जिला पत्रकार संघ ने दी भावभीनी श्रद्धांजल

कटनी(YASHBHARAT.COM)। पत्रकारिता जगत के लिए अत्यंत दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आई है। वरिष्ठ एवं लोकप्रिय पत्रकार आशुतोष शुक्ला के अचानक निधन की खबर से पूरे पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से पत्रकारों, सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और उन्हें चाहने वालों में गहरा दुख व्याप्त है। आशुतोष शुक्ला केवल एक पत्रकार नहीं थे, बल्कि अपने सहज, सरल, मिलनसार और आत्मीय व्यवहार के कारण वे लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखते थे। उन्होंने अपनी लेखनी और पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज को मजबूती से उठाया। उनका व्यक्तित्व ऐसा था कि जो भी उनसे मिलता, उनके व्यवहार और आत्मीयता को कभी भूल नहीं पाता था।

वे वर्तमान में YashBharat.com के संपादक के रूप में पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। इसके साथ ही उन्हें नगर निगम में एल्डरमैन के रूप में भी जिम्मेदारी मिली थी तथा वो भाजपा के मीडिया प्रभारी का दायित्व भी संभाल रहे थे। पत्रकारिता और सामाजिक जीवन में उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

उनका असमय चले जाना पत्रकारिता जगत के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

जिला पत्रकार संघ वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असीम पीड़ा को सहन करने की शक्ति दें।

 

शोकपूर्ण माहौल में हुई अंत्येष्टि

 

वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला का अंतिम संस्कार आज शाम नदीपार क्षेत्र स्थित मुक्ति धाम में किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र अनुनय शुक्ला ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक, व्यापारी, राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों सहित पत्रकार साथियों की उपस्थिति रही। सभी ने नम आखों से आशुतोष शुक्ला को अंतिम विदाई दी।

 

पूर्वमंत्री एवं विधायक ने व्यक्त की शोक संवेदना

 

पूर्वमंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने भी वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष शुक्ला के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी शोक संवेदना में कहा कि आशुतोष शुक्ला लेखनी के धनी थे और उनके असमय चले जाने से पत्रकार जगत को अपूर्णीय क्षति हुई है। जिसकी भरपाई कर पाना असंभव है।

Exit mobile version