भोपाल(YASHBHARAT.COM)। राजधानी भोपाल के अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। परिसर में खड़ी वर्मा ट्रेवल्स की बसों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास खड़ी अन्य बसें भी इसकी चपेट में आ गईं। इस घटना के बाद बस स्टैंड परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों व बस कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
3 से 4 बसें पूरी तरह जलकर खाक
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले वर्मा ट्रेवल्स की बसों में लगी। लपटें इतनी तेज थीं कि पास में पार्क की गई 3 से 4 लग्जरी/एसी बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे बस स्टैंड क्षेत्र में दहशत फैल गई।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर, आग पर काबू पाने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आग को अन्य बसों तक फैलने से रोकने के लिए पास खड़ी गाड़ियो को तुरंत हटाया गया।
आग लगने का कारण और जनहानि
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ होगा। हादसे में किसी के हताहत होने या जनहानि की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ जांच में जुट गई है।

