Site icon Yashbharat.com

सोमनाथ व द्वारका तीर्थ यात्रा के लिए कटनी साउथ स्टेशन से रवाना हुआ 265 तीर्थयात्रियों का जत्था

IMG 20251212 WA0029

कटनी(YASHBHARAT.COM)। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कटनी जिले के 265 तीर्थयात्री आज 12 दिसंबर शुक्रवार को सोमनाथ व द्वारकाधीश तीर्थ यात्रा के लिए रवाना हुए। यह जत्था कटनी साउथ रेलवे स्टेशन से शाम 7.15 बजे विशेष ट्रेन द्वारा प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों का स्वागत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भव्य रूप से किया। अपर कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर ज्योति भिल्लारे, नगर निगम राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक ने तीर्थयात्रियों के लिए रेलवे स्टेशन पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए थे। स्टेशन के मुख्य द्वार पर पंडाल, बैठने की व्यवस्था, स्वागत सत्कार, पेयजल, बैटरीयुक्त माइक एवं साउंड सिस्टम, और टिकट वितरण जैसी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से पूरा किया गया। तीर्थयात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने सभी तैयारियों को समय पर सुनिश्चित किया। यह जत्था 18 दिसंबर को वापस लौटेगा। प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों के लिए सुविधा देने का प्रयास किया गया तो वहीं नगर निगम ने भी व्यवस्थाओं को पूरा कराया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों में महापौर प्रीति संजीव सूरी, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक आदि की मौजूदगी में अधिकारियों ने ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान स्टेशन में तीर्थ यात्रियों के स्वागत में जमकर ढोल बजाए गए, जिसमें तीर्थ यात्री थिरकते नजर आए। इस मौके पर तीर्थ यात्रियों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर, दोपट्टा उढ़ाकर, पुष्पवर्षा करते हुए स्वागत किया गया। यात्रियों को खाद्य सामग्री, पेय पदार्थ के पैकेट वितरित किए गए।

चयनित तीर्थ यात्रियों में दिखा उमंग और दिखा उत्साह

इस अवसर पर तीर्थयात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों के चेहरे पर विशेष खुशी देखने को मिली। उन्होंने सरकार की पहल को सराहते हुए कहा कि इस उम्र में तीर्थ दर्शन का सौभाग्य मिलना उनके लिए एक अद्वितीय अनुभव है। बुढ़ापे में तीर्थ यात्रा का सपना सच होना बड़ी बात है। हमारे पास न साधन थे ना इतना साहस। सरकार की इस पहल से हमें एक नई खुशी और आत्मिक शांति मिल रही है। हम लोग जीवनभर इस योजना को याद रखेंगे।

महिला व पुरुष तीर्थ यात्रियों में खुशी का माहौल

रामकृष्ण परमहंस वार्ड अंतर्गत उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह निवासी 65 वर्षीय सीता मिश्रा ने कहा कि मैंने कभी नहीं सोचा था कि इस उम्र में सोमनाथ व द्वारकाधीश के दशर्न कर पाऊंगी। सरकार की इस योजना ने हमारा सपना साकार किया है। हर व्यवस्था इतनी सहज है कि हमें किसी प्रकार की चिंता नहीं करनी पड़ी। गांव के लोगों के साथ दर्शन के लिए रवाना हुए हैं। यह बड़ी अच्छी योजना है। नदीपार क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय गोविंद सेन ने कहा कि भैया मोरे जीवन का सबसे खास अवसर है। यह यात्रा किसी वरदान से कम नहीं है। भगवान द्वारकाधीश के दर्शन करब। जीवन का सपना रहो है, जो अब पूरा हो होई। अब भगवान द्वारकाधीश के दर्शन का सौभाग्य मिली जो या अनुभव जीवन पूरे जीवन याद रही।

 

 

Exit mobile version