375 लोगो पर AIIMS में आज से शुरू होगा Covaxin का ह्यूमन ट्रायल
देश में तेजी से बढ़ती कोरोना मरीजों की तादाद के बीच कोरोना वैक्सीन तैयार करने को लेकर भी दिन रात काम जारी है।
इसी कड़ी में कोविड 19 के लिए तैयार किए गए स्वदेशी वैक्सीन ‘Covaxin’ के ह्यूमन ट्रायल की AIIMS दिल्ली में शुरूआत होने जा रही है।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की एथिक्स कमेटी सोमवार से इस वैक्सीन का ट्रायल शुरू कर रही है।
बता दें कि कमेटी ने शनिवार को Covaxin के ह्यूमन ट्रायल के पहले चरण की मंजूरी दी थी।
इस परीक्षण के लिए AIIMS स्वेच्छा से शामिल होने के इच्छुक लोगों का आज से रजिस्ट्रेशन भी शुरू करेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, AIIMS की ओर से किए जाने वाले ह्यूमन ट्रायल के लिए 1000 से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
गौरतलब है कि Covaxin के ह्यूमन ट्रायल के पहले और दूसरे चरण के लिए ICMR ने AIIMS सहित 12 संस्थानों का चयन किया है।
375 लोगों पर होगा ट्रायल
सामने आ रही जानकारी के अनुसार AIIMS में पहले चरण के टीके का 375 वॉलेंटियर्स पर ट्रायल किया जाएगा।
इनमें से अधिकमत 100 लोग AIIMS से हो सकते हैं।
इस ट्रायल के लिए सेहतमंद लोगों को लिया जाएगा जिन्हें अन्य कोई बीमारी नहीं है और वे कोरोना पीड़ित नहीं रहे हों। उनकी उम्र 18 साल से 55 साल के बीच होनी चाहिए।
देश में 11 लाख हुए मरीज
देश में नए कोरोना मरीजों के मिलने की संख्या हर गुजरते दिन के साथ रिकॉर्ड तोड़ रही है।
अब एक दिन में 40 हजार से ज्यादा संक्रमित नए मरीज मिलने लगे हैं। इसके साथ ही कोरोना मरीजों का आंकड़ा 11 लाख को पार कर गया है।
सबसे ज्यादा चिंता की बात है कि देश में नए इलाके कोरोना हॉटस्पॉट बन रहे हैं।
आशंका है कि ग्रामीण इलाकों में भी अब कम्यूनिटी ट्रांसमिशन फैल रहा है, इसी वजह से बड़ी संख्या में केस सामने आने लगे हैं।

