जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को खत्म करने के खिलाफ दायर सभी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट मंगलवार से सुनवाई करेगा। इसके लिए पांच जजों की सांविधानिक पीठ बनाई गई है। इसकी अध्यक्षता जस्टिस एनवी रमन को दी गई है। सांविधानिक पीठ में जस्टिस एसके कौल, जस्टिस आर सुभाष रेड्डी, जस्टिस बीआर गवई, और जस्टिस सूर्यकांत भी शामिल हैं।
वहीं जस्टिस एनवी रमन ने सोमवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता व वरिष्ठ अधिवक्ता राजू रामचंद्रन को मामले पर तैयारी के साथ आने के निर्देश दिए। याचीगणों से भी सभी याचिकाओं व इनमें दिए जा रहे दस्तावेजों को एक साथ प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था। इससे सुनवाई में आसानी होगी।
मेहता ने बताया कि सभी याचिकाओं को एक साथ कर लिया गया है, लेकिन कुछ नए दस्तावेज भी दिए जाते हैं तो उन्हें बाद में जोड़ा जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को इसी मामले पर दायर दो अन्य याचिकाओं पर भी जवाब देने के लिए कहा था। वहीं इन दो को छोड़कर नई याचिकाओं को दायर करने पर रोक लगाई थी।
