फेस्टिव सीजन में इंस्टेंट पर्सनल लोन में 32% उछाल, 46-55 आयु वर्ग में 70% की बढ़ोतरी
बिजनेस डेस्क: फेस्टिव सीजन के दौरान खरीदारी और अन्य खर्चों के लिए लोगों ने इंस्टेंट पर्सनल लोन का जमकर सहारा लिया है। पैसाबाजार की रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त से अक्टूबर 2026 के फेस्टिव सीजन में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले इंस्टेंट पर्सनल लोन वितरण में 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। खास बात यह है कि अब युवाओं के साथ-साथ 46 से 55 साल की उम्र के लोगों में भी पर्सनल लोन की मांग तेजी से बढ़ी है।
-
टॉप राज्य: महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक इंस्टेंट पर्सनल लोन बांटे गए और इन तीनों राज्यों की कुल हिस्सेदारी एक तिहाई से अधिक रही। सालाना आधार पर महाराष्ट्र में 31%, गुजरात में 57% और यूपी में 40% की बढ़ोतरी दर्ज हुई। टॉप 10 राज्यों में महाराष्ट्र, गुजरात और यूपी के बाद तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा शामिल हैं।
-
आयु वर्ग की हिस्सेदारी: कुल लोन वितरण में 36 से 45 साल के लोगों की हिस्सेदारी 40% के साथ सबसे ज्यादा रही, जबकि 25 से 35 साल के आयु वर्ग की हिस्सेदारी 36% रही (सालाना 20% बढ़ोतरी)। वहीं 46 से 55 साल के वर्ग में लोन वितरण 70% बढ़ा और इसकी हिस्सेदारी 2025 के 13% से बढ़कर 2026 में 19% हो गई।
-
लोन सीमा और प्रक्रिया: योग्य ग्राहक प्लेटफॉर्म के जरिए 7 लाख रुपये तक के पर्सनल लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पर्सनल व आय विवरण और वीडियो KYC के बाद मंजूरी मिलने पर कुछ ग्राहकों के खाते में 2 घंटे के भीतर राशि पहुंच सकती है।
-
दायरा और पार्टनर: यह तुलना अगस्त, सितंबर और अक्टूबर (2025 बनाम 2026) के आंकड़ों पर आधारित है, जिसमें 800 से अधिक शहरों और क्षेत्रों का डेटा शामिल है। पैसाबाजार के सीईओ संतोष अग्रवाल के मुताबिक प्लेटफॉर्म पर 6 बड़े बैंकों सहित 18 लेंडिंग पार्टनर इंस्टेंट पर्सनल लोन की सुविधा दे रहे हैं।

