एलएंडटी कंपनी के 300 श्रमिकों का फूटा गुस्सा; वेतन और पीएफ के लिए अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

एलएंडटी कंपनी के 300 श्रमिकों का फूटा गुस्सा; वेतन और पीएफ के लिए अनिश्चितकालीन धरने की चेतावन
कटनी। कटनी जिले में स्थित एलएंडटी कंपनी में कार्यरत लगभग 300 श्रमिकों ने मंगलवार को कामकाज पूरी तरह बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। श्रमिक अपनी मांगों को लेकर एनकेजे इलेक्ट्रिक लोको शेड गेट के सामने धरने पर बैठ गए हैं। श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा साल 2021 से उनके साथ अन्याय किया जा रहा है और उन्हें उनके वैधानिक लाभों से वंचित रखा गया है।
*प्रमुख मांगें और आरोप:*
श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उन्हें बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं। प्रमुख समस्याएं इस प्रकार हैं:
*बकाया वेतन:* पिछले 8 महीनों से श्रमिकों को वेतन नहीं मिला है।
*बोनस का अभाव:* पिछले 5 वर्षों का बोनस लंबित है।
*अतिरिक्त कार्य:* रोजाना औसतन 4 घंटे अतिरिक्त काम (ओवरटाइम) कराया जाता है, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया जा रहा।
*सुविधाओं की कमी:* भविष्य निधि (PF), मेडिकल सुविधा, सुरक्षा उपकरण (Safety Equipment), टीए-डीए और हाइट अलाउंस जैसी वैधानिक देनदारियां पूरी नहीं की गई हैं।
*कंपनी अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग*
प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने मामले को सुलझाने के लिए कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने विशेष रूप से निम्नलिखित अधिकारियों के नाम लिए हैं:फिलिप्स पंडियन (फेब्रिकेशन हेड), विनोद सिंह (बीएसी) अमिमिष सिंह (साइड इंचार्ज) और रविंद्र सिंह चर्चा में शामिल हो l
श्रमिकों का स्पष्ट कहना है कि यदि बातचीत के जरिए जल्द समाधान नहीं निकला, तो वे अपने आंदोलन को और अधिक उग्र बनाने के लिए मजबूर होंगे।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व और मुख्य भागीदारी सुनील पटेल, संजय सिंह राजपूत, नीरज पटेल, राम नारायण यादव, लवकेश सिंह परिहार, सुमित पटेल और हरिपाल चौरसिया सहित सैकड़ों मजदूरों द्वारा की जा रही है।
श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो यह धरना अनिश्चितकालीन हो सकता है। श्रमिकों ने इस पूरी स्थिति की जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन पर डाली है।








