23127 केस: गुरुवार को 1 दिन में सबसे ज्यादा 1667 मामले; मध्यप्रदेश में इंदौर पहला शहर जहां संक्रमितों की संख्या 1 हजार से ज्यादा
नई दिल्ली. लॉकडाउन के दूसरे फेज में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 5 दिनों में ही पॉजिटिव मरीजों की संख्या में 7 हजार से ज्यादा का इजाफा हुआ है। गुरुवार को 1667 मामले सामने आए। एक दिन में यह मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले 19 अप्रैल को सबसे ज्यादा 1580 संक्रमित मिले थे।
इसके अलावा 22 अप्रैल को 1292, 21 अप्रैल को 1537 और 18 अप्रैल को संक्रमण के 1371 केस मिले थे। इधर, गुरुवार को इंदौर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 हजार से ज्यादा हो गई। यह मध्यप्रदेश का पहला शहर है, जहां सबसे ज्यादा मरीज हैं। यहां गुरुवार देर रात 84 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ शहर में कोरोना के 1029 मरीज हो गए। गुरुवार को कुल 428 सैम्पल की जांच हुई, जिसमें से 344 की रिपोर्ट निगेटिव आई। यहां अब तक 55 कोरोना संक्रमित दम तोड़ चुके हैं।
महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 778 कोरोना पॉजिटिव मिले
महाराष्ट्र में भी गुरुवार को एक दिन में रिकॉर्ड 778 कोरोना पॉजिटिव मिले। इससे पहले 21 अप्रैल को 552 संक्रमित सामने आए थे। इसे मिलाकर राज्य में मरीजों का आंकड़ा 6427 हो गया। इस बीच, महाराष्ट्र के गृह निर्माण और आवास मंत्री जितेंद्र आव्हाड़ भी कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। मंत्री आव्हाड़ ने अपने सुरक्षाकर्मियों और निजी स्टाफ के संक्रमित होने के बाद खुद को 13 अप्रैल से ही आइसोलेट कर रखा था।
आज गुजरात में 217 मरीज मिले
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 23127, हो गई है। गुरुवार को गुजरात में 217, मध्यप्रदेश में 184, उत्तरप्रदेश में 61 और राजस्थान में 76 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमण के कुल 21700 मामले आए हैं। इनमें 16,689 का इलाज चल रहा है। 4324 ठीक हुए हैं, वहीं 686 लोगों की मौत हुई है।
कोरोना संक्रमण से जुड़े अहम अपडेट्स
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस से एक दिन पहले पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को चिठ्ठी लिखी। इसमें मोदी ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े लोग इस महामारी में भी वीर योद्धा की तरह लड़ाई लड़ रहे हैं। यह सभी हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत।
- निजी प्रयोगशालाओं में कोरोना जांच को लेकर उत्तरप्रदेश के स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश जारी किए। इसमें कहा है कि आईसीएमआर से अनुमति प्राप्त निजी प्रयोगशालाएं एक चरण में जांच के लिए अधिकतम 2500 रुपए ले सकती हैं। आईसीएमआर ने पहली बार स्क्रीनिंग के लिए अधिकतम 1500 और दूसरे टेस्ट के लिए 3,000 रुपये तय किए हैं।
- पश्चिम बंगाल सरकार ने कोविड-19 के मरीजों के इलाज के लिए अधिग्रहित किए गए निजी अस्पतालों को कोरोना संक्रमितों का फ्री में इलाज करने के निर्देश दिए हैं। सरकार इलाज का पूरा खर्चा उठाएगी।
- ओडिशा सरकार ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिले में अगले 60 घंटे तक शटडाउन का ऐलान किया है। यह फैसला गुरुवार रात 10 बजे से 26 अप्रैल तक लागू रहेगा। राज्य के मुख्य सचिव असित त्रिपाठी ने यह जानकारी दी।
- महाराष्ट्र के औरंगाबाद में 18 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव मां ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। मां ने 5 दिन बाद वीडियो कॉल के जरिए पहली बार नवजात को देखा। इसका इंतजाम यहां के सिविल अस्पताल के स्टाफ ने किया।

5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
| दिन | मामले |
| 19 अप्रैल | 1580 |
| 21 अप्रैल | 1537 |
| 18 अप्रैल | 1371 |
| 22 अप्रैल | 1292 |
| 13 अप्रैल | 1243 |
27 राज्यों और 7 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस अब तक देश के 27 राज्यों में पैर पसार चुका है। वहीं, देश के 7 केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) में भी यह संक्रमण पहुंच चुका है। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, दादरा एवं नगर हवेली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
| राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
| महाराष्ट्र | 6427 | 840 | 283 |
| दिल्ली | 2376 | 808 | 50 |
| तमिलनाडु | 1683 | 752 | 20 |
| मध्यप्रदेश | 1771 | 203 | 83 |
| राजस्थान | 1964 | 451 | 28 |
| गुजरात | 2624 | 258 | 112 |
| उत्तरप्रदेश | 1510 | 206 | 24 |
| तेलंगाना | 970 | 262 | 25 |
| आंध्रप्रदेश | 893 | 141 | 27 |
| केरल | 447 | 316 | 2 |
| कर्नाटक | 445 | 145 | 17 |
| जम्मू-कश्मीर | 434 | 92 | 5 |
| पश्चिम बंगाल | 456 | 79 | 15 |
| हरियाणा | 270 | 170 | 3 |
| पंजाब | 283 | 66 | 17 |
| बिहार | 170 | 44 | 2 |
| ओडिशा | 89 | 33 | 1 |
| उत्तराखंड | 47 | 24 | 0 |
| हिमाचल प्रदेश | 40 | 18 | 2 |
| असम | 36 | 19 | 1 |
| छत्तीसगढ़ | 36 | 28 | 0 |
| झारखंड | 53 | 8 | 3 |
| चंडीगढ़ | 29 | 14 | 2 |
| लद्दाख | 18 | 14 | 0 |
| अंडमान-निकोबार | 22 | 11 | 0 |
| मेघालय | 12 | 0 | 1 |
| गोवा | 7 | 7 | 0 |
| पुडुचेरी | 7 | 4 | 0 |
| मणिपुर | 2 | 1 | 0 |
| त्रिपुरा | 2 | 1 | 0 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
| दादरा एवं नगर हवेली | 1 | 0 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
| नगालैंड | 1 | 0 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमण के कुल 21700 मामले आए हैं। इनमें 16689 का इलाज चल रहा है। 4324 ठीक हुए हैं, वहीं 686 लोगों की मौत हुई है।
6 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश का हाल
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 1771: यहां गुरुवार को 184 संक्रमित मिले। इंदौर में गुरुवार देर रात आई रिपोर्ट में 84 और मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसे मिलाकर शहर में गुरुवार को 106, भोपाल में 20, खरगोन में 10 और उज्जैन में पहली बार एक दिन में 35 मरीज मिले। इंदौर में एक दिन पहले संक्रमितों की संख्या 945 थी। उधर, भोपाल में अब तक 323 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं और 7 संक्रमितों ने दम तोड़ा है।

- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 1510: यहां गुरुवार को 61 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कुल संक्रमितों में तब्लीगी जमातियों की संख्या 1004 है। राज्य में 206 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 24 की मौत हुई है। राहत की बात यह है कि 11 जिले कोरोना मुक्त हो चुके हैं।

- महाराष्ट्र, संक्रमित- 6427: महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। पिछले 22 घंटे में राज्य में रिकॉर्ड 778 पॉजिटिव मिले। इससे पहले 21 अप्रैल को 552 संक्रमित सामने आए थे। उधर, गुरुवार को राज्य में संक्रमण के चलते 14 मौतें हुई। इसमें मुंबई में 6, पुणे में 5 और नंदुरबार, नवी मुंबई और धुले में एक-एक की जान गई। इसे मिलाकर राज्य में अब तक संक्रमण से 283 लोगों की मौत हो चुकी है।
- राजस्थान, संक्रमित- 1967: यहां गुरुवार को 76 संक्रमित मिले। इनमें जोधपुर में 20, जयपुर में 12, नागौर में 10, कोटा में 4 और हनुमानगढ़ में 2, जबकि अजमेर में एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

- दिल्ली, संक्रमित- 2248: दिल्ली के जहांगीरपुरी के एच ब्लॉक की तीन गलियों में से 46 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसके बाद यहां लोगों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है। इधर, दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल ने निर्देश दिया है कि यहां पुलिस के लिए अलग से कोविड-19 फैसेलिटी तैयार की जाए। उप राज्यपाल ने कोरोना संकट के बीच ड्यूटी कर रहे दिल्ली पुलिस के जवानों के लिए विशेष संक्रमण जांच केंद्र बनाने का भी निर्देश दिया है।

- बिहार, संक्रमित- 162: बिहार में एक दिन में कारोना संक्रमण के सबसे अधिक 19 मामले सामने आए। इसमें कैमूर जिले में आठ, सीवान में एक, रोहतास में 6 और मुंगेर में चार मामलों की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार ने बताया कि गुरुवार शाम को स्वाब सैंपल जांच रिपोर्ट में कैमूर जिले के चैनुपर में आठ और सीवान के गोरियाकोठी में एक 20 वर्ष के युवक के कारोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
- गुजरात, संक्रमित- 2624: यहां गुरुवार को 217 मरीज मिले जबकि 9 मरीजों की मौत हुई। इधर, वड़ोदरा के एक क्वारैंटाइन सेंटर से गुरुवार को 45 कोरोना पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होने के बाद अपने घर गए। सभी ने दूसरे मरीजों के इलाज के लिए ब्लड प्लाज्मा डोनेट करने पर सहमति जताई है।


