17 मृतकों के आश्रितों को 5 लाख के मुआवजे का ऐलान, सीएम शिवराज बोले- शोकाकुल परिवार अकेला न समझे

train

भोपाल. महाराष्ट्र (Maharashtra ) के औरंगाबाद (Aurangabad) में ट्रेन से कटकर 17 लोगों की मौत ने एक बार फिर देश को​ हिलाकर रख दिया है. मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने औरंगाबाद रेल हादसे (Aurangabad Rail Accident) में मारे गए मध्‍य प्रदेश के प्रवासी मजदूरों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है. उन्‍होंने घायलों का इलाज कराने की भी बात कही है. सीएम ने कहा कि शोकाकुल परिवार विपत्ति के समय में खुद को अकेला न समझे, पूरा मध्‍य प्रदेश (Madhya Pradesh) उनके साथ है. सीएम ने ट्वीट कर बताया कि इस बाबत उन्‍होंने रेल मंत्री से बात कर मामले की त्‍वरित जांच कराने की मांग की है.

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश सरकार विशेष विमान से उच्‍चाधिकारियों की एक टीम औरंगाबाद भेज रही है. यह टीम वहां मृतकों के अंतिम संस्‍कार की व्‍यवस्‍था करेगी और घायलों को हर संभव मदद मुहैया कराएगी. सीएम ने ट्वीट किया, ‘औरंगाबाद में हुए रेल हादसे से हृदय पर ऐसा कुठाराघात हुआ है कि मैं उसे शब्‍दों में व्‍यक्‍त नहीं कर सकता. संवेदना से मन भर जाता है. मैंने रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात कर उनसे त्‍वरित जांच और उचित व्‍यवस्‍था कराने की मांग की है.’

अभी तक की जानकारी के मुताबिक ये सभी मजदूर महाराष्ट्र के जलगांव में आयरन फैक्ट्री में काम करते थे. ये लोग औरंगाबाद से मध्यप्रदेश के लिए निकली स्पेशल ट्रेन को पकड़ना चाहते थे. इन सभी लोगों को उम्मीद थी कि वह भुसावल जाकर ट्रेन पकड़ लेंगे.

बताया जाता है कि करीब 45 किलोमीटर तक चलने के बाद सभी थक गए और ट्रैक पर ही आराम करने लगे. थकान की वजह से ज्यादातर लोगों को नींद आ गई और वह ट्रैक पर ही सो गए. इसी दौरान वहां से ट्रेन गुजरी और सभी लोग इसकी चपेट में आ गए. औरंगाबाद के एसपी मोक्षदा पाटिल ने बताया कि मारे गए सभी मजदूर भुसावन से स्पेशल ट्रेन के जरिए मध्य प्रदेश लौटना चाहते थे. ये सभी मजदूर मध्य प्रदेश के शहडोल के रहने वाले थे.