Site icon YASHBHARAT.COM

15 करोड़ की किसना ज्वेलर्स चोरी का पहला आरोपी कोलकाता में गिरफ्तार: मुंबई से फ्लाइट पकड़कर पहुंचा था, उतरते ही पुलिस ने दबोचा; 7 सदस्यीय गिरोह ने जबलपुर, दमोह और कटनी में की थी रेकी

IMG 20261116 WA0001

15 करोड़ की किसना ज्वेलर्स चोरी का पहला आरोपी कोलकाता में गिरफ्तार: मुंबई से फ्लाइट पकड़कर पहुंचा था, उतरते ही पुलिस ने दबोचा; 7 सदस्यीय गिरोह ने जबलपुर, दमोह और कटनी में की थी रेक

दो दिन पहले जबलपुर में ठहरा था गिरोह, फिर दमोह होते हुए कटनी पहुंचकर बनाया चोरी का पूरा प्लान; शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर उड़ाए थे करोड़ों के जेवरात, 32 CCTV कैमरों के कनेक्शन काटकर दिया वारदात को अंजाम, गिरफ्तार बदरुद्दीन के पास नहीं मिला चोरी का माल

कटनी। करीब 15 करोड़ रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों की सनसनीखेज चोरी ने कटनी पुलिस के सामने अब तक की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक खड़ी कर दी थी, लेकिन लगातार तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के सहारे जांच कर रही पुलिस को आखिरकार पहली बड़ी सफलता मिल गई है। बरगवां रोड स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों की चोरी को अंजाम देने वाले सात सदस्यीय अंतरराज्यीय गिरोह के एक आरोपी को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम बदरुद्दीन शाह बताया गया है, जो झारखंड के साहिबगंज का निवासी है।

इस गिरफ्तारी की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। पुलिस को आरोपी की लोकेशन मुंबई में होने की जानकारी मिली। इसके बाद वह फ्लाइट से कोलकाता पहुंचा, लेकिन उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि हवाई जहाज से उतरते ही पुलिस उसका इंतजार कर रही होगी। कटनी पुलिस की विशेष टीम ने सूचना के आधार पर कोलकाता में घेराबंदी की और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर कटनी लाया गया। रविवार को जिला अदालत में पेश किए जाने पर न्यायालय ने पुलिस की मांग पर उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर सौंप दिया।

इस गिरफ्तारी के साथ ही करोड़ों की चोरी की जांच में एक नया अध्याय खुल गया है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि गिरोह के बाकी छह सदस्य कहां हैं, चोरी के जेवरात किसके पास हैं और आखिर इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड कौन है।

 

सात सदस्यीय गिरोह की पूरी पटकथा, जबलपुर से शुरू हुई रेकी की कहानी

जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस सनसनीखेज चोरी को कुल सात लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था। गिरोह के सदस्य वारदात से करीब दो दिन पहले जबलपुर में रुके थे। इसके बाद उन्होंने दमोह और कटनी में रेकी की। यानी किसना शोरूम को निशाना बनाने का फैसला अचानक नहीं लिया गया था, बल्कि शहरों और संभावित ठिकानों का जायजा लेने के बाद पूरी योजना तैयार की गई थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरोह के तार बंगाल और झारखंड की सीमा से जुड़े सुल्तानगंज क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं। हालांकि इस नेटवर्क और सभी सदस्यों की पहचान को लेकर अभी पूछताछ जारी है।

इस घटनाक्रम से यह आशंका और मजबूत होती है कि गिरोह ने वारदात से पहले कई स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था, आवाजाही और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की स्थिति का बारीकी से आकलन किया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सातों सदस्यों के बीच जिम्मेदारियां किस तरह बांटी गई थीं और किसने चोरी की योजना तैयार की थी।

 

32 CCTV कैमरे लगे थे, फिर भी चोरों ने निकाल लिया रास्ता

किसना शोरूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सामने आया यह तथ्य भी चौंकाने वाला है कि प्रतिष्ठान के भीतर कुल 32 CCTV कैमरे लगे हुए थे। इसके बावजूद बदमाशों ने पूरी वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले कैमरों के कनेक्शन काटे और इसके बाद चोरी की कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में एक बदमाश के मुंह पर कपड़ा बंधा हुआ दिखाई देने की जानकारी भी सामने आई थी। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए भी सावधानी बरती थी।

 

सामने की शटर नहीं, पिछली दीवार तोड़कर दाखिल हुए थे बदमाश

इस वारदात का तरीका भी बेहद चौंकाने वाला रहा। बदमाशों ने शोरूम के सामने से प्रवेश करने के बजाय पीछे की दीवार को निशाना बनाया। पुलिस जांच में सामने आया कि सब्बल की मदद से दीवार में करीब दो फीट का हिस्सा तोड़कर रास्ता बनाया गया और इसी रास्ते से आरोपी अंदर दाखिल हुए।

चोरी में पेचकस और पाना जैसे उपकरणों का भी इस्तेमाल किया गया। वहीं गैस कटर और ऑक्सीजन नोजल कटनी से ही लिए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को शोरूम के पीछे रेड हिल क्षेत्र में गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और घरेलू गैस सिलेंडर सहित कुछ सामान भी मिला था।

यह तथ्य जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है कि इतने बड़े अपराध के लिए जरूरी उपकरणों की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर किसने कराई और क्या इस काम में किसी स्थानीय व्यक्ति ने गिरोह की मदद की थी।

 

कोलकाता में गिरफ्तारी, लेकिन बदरुद्दीन के पास नहीं मिला चोरी का माल

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के अनुसार, पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से बदरुद्दीन शाह की लोकेशन ट्रेस की थी। इसके बाद कटनी से विशेष टीम को कोलकाता रवाना किया गया और शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कटनी लाकर रविवार को जिला अदालत में पेश किया गया। न्यायालय से पुलिस को पूछताछ के लिए रिमांड मिला है। हालांकि गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस के हाथ अभी चोरी के जेवरात नहीं लगे हैं। बदरुद्दीन के पास से चोरी गया माल बरामद नहीं हुआ है। लिहाजा पुलिस अब उससे गिरोह के अन्य सदस्यों, जेवरात छिपाने के ठिकाने और वारदात में इस्तेमाल किए गए संसाधनों को लेकर पूछताछ कर रही है।

 

अब पुलिस के सामने छह फरार सदस्य और करोड़ों के जेवरात बरामद करने की चुनौती

एक आरोपी की गिरफ्तारी निश्चित रूप से इस मामले में बड़ी सफलता है, लेकिन असली चुनौती अभी बाकी है। सात लोगों के गिरोह में से एक सदस्य पुलिस के हाथ लगा है, जबकि बाकी छह सदस्यों की तलाश और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी सबसे अहम है।

पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आ सकता है कि गिरोह ने इससे पहले देश के दूसरे शहरों में कितनी वारदातों को अंजाम दिया और कटनी में चोरी के बाद जेवरात कहां पहुंचाए गए।

 

15 करोड़ की चोरी ने छोड़े कई सवाल, अब खुलेंगे गिरोह के राज

किसना ज्वेलर्स की यह वारदात केवल करोड़ों के आभूषणों की चोरी नहीं, बल्कि अपराधियों की सुनियोजित तैयारी और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला बन गई है। जबलपुर में ठहरना, दमोह और कटनी में रेकी करना, स्थानीय स्तर पर उपकरण जुटाना, 32 CCTV कैमरों के कनेक्शन काटना और पिछली दीवार तोड़कर शोरूम में प्रवेश करना, हर कदम पर बदमाशों की तैयारी दिखाई देती है।bअब कोलकाता से पकड़े गए बदरुद्दीन शाह से पूछताछ पर पूरे मामले की दिशा टिकी हुई है।

सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि क्या बदरुद्दीन की गिरफ्तारी से 15 करोड़ की चोरी का पूरा नेटवर्क बेनकाब होगा। क्या पुलिस बाकी छह आरोपियों तक पहुंच पाएगी और करोड़ों के जेवरात बरामद कर सकेगी। अब पुलिस की अगली कार्रवाई और इस हाई-प्रोफाइल चोरी के पूरे खुलासे पर टिकी हैं।

Exit mobile version