
नेशनल डेस्कः देश में कोरोना संक्रमण भारत में लगातार बढ़ रहा है।आज स्वास्थ्य मंत्रालय, गृह मंत्रालय और आईसीएमआर की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में इससे जुड़े नए डाटा और जानकारियां लोगों के सामने रखी गईं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना के कारण देश में मृत्यु की दर 3.3 फीसदी है और सबसे अधिक 75 फीसदी मौत बुजुर्गों की हुई है। 12 राज्यों के 22 जिलों में पिछले 14 दिनों में कोरोना का कोई केस नही आया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के कुल संक्रमण का 29.84 फीसदी मामला तब्लीगी ज़मात से जुड़ा है। दिल्ली में तब्लीगी जमात से जुड़े 63 फीसदी, तमिलनाडु में 84 फीसदी, तेलंगाना में 79 फीसदी, यूपी में 59 फीसदी, आंध्र प्रदेश में 61 फीसदी, असम में 91 फीसदी और अंडमान निकोबार में 83 फीसदी मामले हैं। भारत में तब्लीगी जमात से जुड़े अब तक 4291 केस हैं।
भारत में कोरोना संक्रमितों और मृतकों की संख्या ने 24 घंटे में काफी रफ्तार पकड़ी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14,378 हो गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 991 नए मामले सामने आए हैं और 43 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना से अब तक 480 लोगों की मौत हो चुकी है।
