11 KV पोल पर शव: एकतरफा प्रेम में सिरफिरे आशिक ने दोस्तों के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम, तीन गिरफ्तार
- कटनी। विवेक शुक्ला। हत्या के बाद बिजली के खंभे पर लटका दिया था शव
- एकतरफा प्रेम में सिरफिरे आशिक ने दोस्तों के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम, तीन गिरफ्तार
- बाकल पुलिस ने सुलझाई बिजली खंभे पर लटके मिले शव की गुत्थी
कटनी। बाकल थाना अंतर्गत ग्राम सिहुड़ी में धुरेड़ी के दिन सुबह-सुबह गांव के बाहर स्थित आंगनबाड़ी भवन के समीप बिजली खंभे के सहारे गांव के ही एक 22 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका पाए जाने के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया है और हत्या कर साक्ष्य छिपाने के आरोप में गांव के ही तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक एक तरफा प्रेम में सिरफिरे युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर युवती के मंगेतर की गला घोंटकर हत्या की और फिर उसकी लाश को बिजली के खंभे के सहारे फंदे पर लटका दिया। गौरतलब है कि ग्राम सिहुड़ी निवासी 22 वर्षीय संदीप उर्फ शैलेन्द्र पिता सीताराम लोधी का शव 30 मार्च धुरेड़ी के दिन आंगनबाड़ी केन्द्र के सामने बिजली के पोल पर फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला था।
जांच के दौरान यह तथ्य आया कि युवक की पहले आरोपियों ने हत्या की। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को रस्सी के सहारे बिजली के खंभे पर लटका दिया। विवेचना के दौरान पुलिस साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू की।
जिसमें पुलिस को शीघ्र ही सफलता मिल गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए संदीप की हत्या के आरोप में गांव के ही सुजीत लोधी, रत्नेश लोधी, भानू उर्फ बल्लू ठाकुर को गिरफ्तार किया है।
सगाई के बाद बनाई हत्या की योजना
मृतक संदीप की सगाई एक अन्य गांव की लड़की के साथ हत्या के करीब दस दिन पहले 21 मार्च को हुई थी। यह सगाई सिरफिरे युवक सुजीत लोधी को रास नहीं आया और उसने संदीप को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसमें आरोपी सुजीत लोधी ने अपने दोस्तों की मदद ली। योजना के तहत रत्नेश लोधी ने संदीप को शराब पार्टी देने के लिए फोन पर बुलाया। इसके बाद तीनों युवक संदीप को आंगनबाड़ी के पास ले जाकर अत्याधिक मात्रा में शराब पिला दी। संदीप जब पूरी तरह से नशे की गिरफ्त में आ गया तो तीनों ने मिलकर पहले रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी और फिर हत्या को आत्महत्या में बदलने के लिए बिजली के पोल पर उसी रस्सी से संदीप के शव को लटका दिया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा के दिशा निर्देश व स्लीमनाबाद एसडीओपी शालिनी परस्ते के मार्गदर्शन में हत्या की गुत्थी सुलझाने में बाकल थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय, सहायक उपनिरीक्षक संतोष बडग़ैया सहित बाकल थाने के स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने पुलिस टीम को पुरुस्कृत करने की घोषणा की है।

