होली पर हुड़दंग पड़ेगा भारी, जिले में प्रशासन ने सख्त की सुरक्षा व्यवस्था
जबलपुर। होली के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने पुलिस अधिकारियों को विशेष चौकसी बरतने के आदेश दिए हैं।
सार्वजनिक स्थानों तथा भीड़भाड़ वाले बाजारों पर कड़ी नजर रहेगी। भांग या शराब के नशे में होली पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस भारी पड़ेगी। उन इलाकों में पुलिस की खास नजर रहेगी, जहां आपसी मिलन के त्योहार को बदरंग करने का इतिहास है।
पुलिस वहां भी नजर रखेगी, जहां राजनीतिक गुटबाजी है। क्योंकि पुलिस का मानना है कि होली के दिन चुनावी बैर खुलकर सामने आ सकता है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस द्वारा जगह जगह नाके लगा दिए गए हैं। जिलेभर में हर संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों पर नजर रखने के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है। शहर में कई संवेदनशील इलाकों के आसपास पुलिस कर्मियों व अधिकारी सिविल ड्रेस में तैनात कर दिए गए हैं।
सार्वजनिक स्थानों पर चौकसी बढ़ाने के लिए महिला पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है। एसपी श्री बहुगुणा ने समस्त थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देशित किया है कि वे अपने इलाके में सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। इनमें एक महिला टीम भी शामिल है। टीम चिन्हित किए गए संवेदनशील स्थानों पर नजर रखेगी। जबरन किसी पर रंग फेंकने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
सामान्य बस अड्डा व रेलवे स्टेशन पर विशेष चौकसी रखी जाएगी। शराब के ठेकों व अहातों पर पूरी तरह से नजर रखी जाएगी। होली के दिन पुलिस कंट्रोल रूम को खासतौर पर अलर्ट किया गया है। त्योहार की मस्ती में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस की दर्जनभर टीमें शहर में जांच करेंगी। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा का कहना है कि सबसे अधिक दुर्घटनाएं होली के मौके पर शराब के नशे में वाहन चलाने से होती हैं। ऐसे में हादसे रोकने के लिए पुलिस सजग रहेगी। उन्होंने कहा होली के त्यौहार पर सुरक्षा के मद्देनजर जिले में सादी वर्दी में पुलिस के जवान तैनात कर दिए गए हैं। जो पूरी स्थिति पर नजर रखेंगे। पीसीआर व राइडर्स लगातार शहर में मूवमेंट करती रहेंगी।

