Site icon Yashbharat.com

कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे को छोड़ अब युवती ने लगाया भाजपा नेता भदौरिया पर आरोप

student jabalpur 03 05 2018

जबलपुर। कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने मेरा कभी शारीरिक शोषण नहीं किया। मेरा शारीरिक शोषण जेल में हुआ है। मैं लगातार तीन माह से झूठ बोल रही हूं। लेकिन आज जो भी बोलूंगी सच बोलूंगी। इस सनसनीखेज बयान को देते हुए हेमंत कटारे पर रेप और अपहरण का केस दर्ज कराने वाली छात्रा अपने पूर्व बयान से पलट गई और उसने न्यायालय में एक शपथपत्र भी दिया है।

छात्रा ने कहा कि कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे से राजनीतिक दुश्मनी भंजाने के लिए मेरा इस्तेमाल हुआ है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद भदौरिया ने मुझे बेटी कहा और साथियों की मदद से केन्द्रीय जेल में बहुत ज्यादा प्रताड़ित किया। जेल में महिला बंदियों ने मुझसे अन्य लोगों की मसाज भी कराई है। विधायक हेमंत कटारे मामले की पीड़ित छात्रा ने गुरुवार को यह आरोप लगाकर पूरा घटनाक्रम पत्रकारों को बताया है। वहीं दूसरी ओर अरविंद भदौरिया ने कहा है कि पीड़ित छात्रा अब राजनीति का शिकार हो रही है। इसलिए उसने मुझपर गलत आरोप लगाए हैं।

पीड़िता ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड में फरार भाजपा नेता अरविंद भदौरिया ने जेल के अंदर मुझसे जबरदस्ती डीआईजी के नाम शिकायती पत्र लिखवाया। इसके बाद भाजपा नेता ने अपने साथियों की मदद से इस मामले को जमकर उछलवा दिया। सिर्फ राजनीतिक रंग देने के लिए ही मेरा इस्तेमाल करने वाले भाजपा नेता के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होना चाहिए। इस घटनाक्रम में भाजपा सरकार के 2-3 मंत्री भी मिले हुए हैं, जो अभी मुझे पहचानने से मना कर रहे हैं। जबकि भोपाल के एक वरिष्ठ पत्रकार ने भी मेरे मामले को राजनीतिक रंग देने का काम किया है।

पीड़ित छात्रा ने बताया कि मुझे अपने जीवन में शांति चाहिए। मुझे राजनीतिक खिलौना न बनाया जाए। मेरी मां और छोटी बहन मेरे सामने रोई हैं। वहीं जेल में मुझे जमकर प्रताड़ना दी गई, इसके बाद अब मैं हर स्थिति का सामना कर सकती हूं। मुझे न्यायालय से इंसाफ की उम्मीद है, जिसके लिए अपना वकील बदल दिया है। इन सभी आरोपों के साथ न्यायालय में एक शपथपत्र भी दिया है। छात्रा ने शपथपत्र में नार्को टेस्ट कराने के लिए भी तैयार होने की बात कही है।

हाईकोर्ट में नहीं आया केस का नंबर- गुरूवार 3 मई को हेमंत कटारे मामले की सुनवाई हाईकोर्ट के जस्टिस सीवी सिरपुरकर की एकलपीठ के समक्ष होनी थी। इस बेंच का निर्धारण स्वयं मुख्य न्यायाधीश ने किया था। लेकिन समयाभाव के कारण केस की सुनवाई नहीं हो सकी।

इनका कहना है

सभी आरोप निराधार हैं। इस मामले में कभी किसी पक्ष से नहीं मिला। छात्रा अब राजनीति का शिकार हो रही, मेरे खिलाफ राजनीतिक साजिश की जा रही है। लड़की और हेमन्त में पहले क्या डील हुई, मुझे नहीं जानकारी है। मैं किसी भी जांच या नार्को टेस्ट के लिए तैयार हूं। इस मामले को लेकर लीगल कार्रवाई भी करेंगे।

अरविन्द भदौरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी

Exit mobile version