हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली, दुल्हन के गले को चीरकर निकल गई

भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में शादी के रिसेप्शन के दौरान हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है. यहां रिश्तेदार द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में दुल्हन और ननद के ससुर को गोली लग गई. दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, मोहना थाना के दौरार इलाके में सोमवार रात शादी के रिसेप्शन का आयोजन चल रहा था. इस दौरान दूल्हे रामवरन और दुल्हन पूजा स्टेज पर खड़े हुए थे. इस दौरान दूल्हे के चाचा अशोक वर्मा ने हर्ष फायरिंग किया. फायरिंग के दौरान एक गोली दुल्हन के गले के नजदीक कंधे को चीरते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली स्टेज पर आशीर्वाद देने पहुंचे दुल्हन की ननद के ससुर के हाथ में लग गई.

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने दुल्हन पूजा और काशीराम जाटव को निजी वाहन की मदद से नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया. जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए है.

बताया जा रहा है कि मोहना के दौरार निवास हरविलास सिंह के बेटे रामवरन और पूजा की सामूहिक विवाह समारोह में शादी हुई थी. बहू के आने पर पूरा घर रोशन था और सोमवार रात को इनका रिसेप्शन दिया गया था. रिसेप्शन के दौरान दूल्हा दुल्हन फोटो खींचवा रहे थे. इस बीच दुल्हन के ननद के ससुर अशोक वर्मा ने अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से एक के बाद एक दो फायर कर दिए.


मोहना थाना पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान ले लिए है. पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

Exit mobile version