उज्जैन। देश के 52 शक्तिपीठों में से एक माता हरसिद्धि के दरबार में शारदीय नवरात्रि में दीमालिका प्रज्वलित कराने के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। अब तक देशभर के 36 श्रद्धालु बुकिंग करा चुके हैं। शक्तिपीठ में नवरात्रि के दौरान दीपमालिका सामूहिक रूप से प्रज्वलित की जाती है। देश-विदेश के भक्तों को पर्व विशेष का लाभ मिले, इसके लिए बुकिंग का शुल्क भी मात्र 2100 रुपए रखा गया है। आम दिनों में एक व्यक्ति अगर दीपमालिका प्रज्वलित कराना चाहता है, तो उसका खर्च करीब 9000 रुपए आता है।
मंदिर प्रबंधक अवधेशी जोशी ने बताया नवरात्रि में भक्तों की इच्छा माता के दरबार में दीमालिका प्रज्वलित कराने की रहती है। इसलिए नवरात्रि के 9 दिनों में सामूहिक रूप से दीपमालिका प्रज्जवलित की जाती है। एक माह पहले से भक्तों ने बुकिंग शुरू कर दी है। अब तक करीब 36 भक्त बुकिंग करा चुके हैं। नवरात्रि आने तक यह आंकड़ा 100 को पार कर जाएगा। जो भी भक्त दीपमालिका प्रज्वलित कराने की बुकिंग कराते हैं। उन्हें तय तारीख पर मंदिर में पूजन के लिए बुलाया जाता है।
- मंदिर परिसर में मराठा काल के दो दीप स्तंभ हैं।
-
प्रत्येक स्तंभ में 500 दीपक हैं, कुल संख्या 1000 है।
- इन्हें प्रज्जवलित करने में 4 डिब्बे तेल का उपयोग होता है।
-
4 दक्ष व्यक्ति इन्हें चार घंटे की मेहनत के बाद प्रज्ज्वलित करते हैं।
- मंदिर समिति इन्हें प्रतिदिन करीब 2100 रुपए मेहनताना देती है।
करीब 6 माह पहले मंदिर प्रबंध समिति की बैठक हुई थी। उस समय सदस्यों ने दीपमालिका प्रज्जवलित करने के लिए हाईड्रोलिक ट्रॉली खरीदने का प्रस्ताव पारित किया था लेकिन यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया।

